घग्गर में चल रहे अभियान के दौरान मिला एक्सपायर्ड दवाईयों का जखीरा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। घग्गर को प्लास्टिक मुक्त बनाने की मुहिम के तहत चल रही सफाई के दौरान बुधवार को टीम के सदस्यों को एक्सपायर्ड दवाईयों का जखीरा मिला। सफाई के दौरान जब सदस्यों ने इसकी पड़ताल की तो देखा कि अलग-अलग बीमारियों के लिए इन दवाइयों का इस्तेमाल किया जाता है, जिसका नशे के लिए भी इस्तेमाल किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
बुधवार को सफाई अभियान के दौरान पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. आरके चौहान, रेजीडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के सदस्यों के अलावा सिटीजन वेलफेयर एसोसिएशन के प्रधान एसके नैयर भी मौजूद थे। एसके नैयर ने बताया कि एक साथ इतनी मात्रा में दवाईयों की बरामदगी हुई है, जिसका आसपास के लोग नशे के लिए इस्तेमाल कर सकते हैं। सफाई के दौरान घग्गर से प्लास्टिक सहित दूसरे तरह के वेस्ट भी निकाले गए। इस दौरान लोगों को प्रदूषण न फैलाने के लिए भी जागरूक किया गया।