अब बुजुर्ग और नि:शक्तों की मदद करेगा सारथी
- जनरल अस्पताल में जांच के लिए बिना तीमारदार आने वाले बुजुर्ग और नि:शक्त मरीजों को मिलेगी सहायता
- शुक्रवार को 45 मरीजों ने सारथी के मदद से कराई जांच
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
सेक्टर-6 के जनरल अस्पताल में आने वाले बुजुर्ग और नि:शक्त मरीजों को दिक्कतें पेश नहीं आएंगी। क्योंकि शुक्रवार को ऐसे मरीजों की खातिरदारी के लिए सारथी को लगाया गया है। ये सारथी जनरल अस्पताल में आने वाले उन बुजुर्ग और नि:शक्त मरीजों की खातिरदारी करेंगे, जिनके साथ कोई तीमारदार नहीं होगा। ऐसे मरीजों के लिए अस्पताल के प्रवेश द्वारा पर एक सीनियर सिटीजन काउंटर बनाया गया है। यहां पर सारथी की तैनाती की गई है। इस काउंटर पर बिना तीमारदार के आने वाले बुजुर्ग और नि:शक्त मरीजों को सारथी रजिस्ट्रेेशन से लेकर ओपीडी में डॉक्टर से जांच तक कराएंगे। इसके अलावा यहां पर आने वाले हर बुजुर्ग का ब्लड प्रेशर भी चेक किया जाएगा। साथ ही मरीज के वजन और पल्स की भी जांच की जाएगी। जांच के बाद मरीज की मेडिकल रिपोर्ट में सभी जांच विस्तृत रूप से लिखी जाएगी। वहीं, मरीज की उम्र के अलावा उसे किस ओपीडी में रेफर किया गया है, इन सबका डाटा सारथी अपने पास भी रखेंगे। इस योजना के तहत शुक्रवार को करीब 45 मरीजों की सारथी की मदद से ओपीडी कार्ड और डॉक्टरों से जांच कराई गई।
जनरल अस्पताल में आने वाले ऐसे बुजुर्ग और नि:शक्त मरीज जिनके साथ कोई तीमारदार नहीं है, ऐसे मरीजों की ओपीडी कार्ड बनवाने से लेकर डॉक्टर से जांच, लैब टेस्ट कराने की जिम्मेदारी सारथी की होगी। सारथी का काम ये है कि बिना किसी परेशानी के और बिना किसी अटेंडेंट के आने वाले मरीजों का उपचार करवाना। - डॉ. संजीव त्रेहन, पीएमओ, जनरल अस्पताल सेक्टर-6 पंचकूला।