सुरक्षा और यात्रियों की सुविधाओं पर होगा विशेष ध्यान
-सोमवार को चंडीगढ़ के नवनियुक्त डायरेक्टर हरी दीप कुमार ने कार्यभार संभाला
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर पहले स्टेशन डायरेक्टर हरी दीप कुमार ने सोमवार को कार्यभार संभाल लिया है। पहले दिन योगदान देते ही उन्होंने स्टेशन के सभी विभागों के अधिकारियों के साथ अनौपचारिक रूप से कामकाज की जानकारी ली। स्टेशन अधीक्षक के चैंबर में कुछ देर तक रुकने के बाद उन्होंने रेलवे स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि ग्रेड ए-1 स्टेशन के मानकों पर चंडीगढ़ यात्री सुविधाओं को उपलब्ध कराना उनकी अहम जिम्मेदारी है। साथ ही ट्रेन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी जो मानकों को पूरी तरह से लागू करवाना है।
यह काम करेंगे स्टेशन डायरेक्टर
स्टेशन डायरेक्टर का मुख्य कार्य स्टेशन परिसर में साफ सफाई और सुरक्षा को सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ यात्रियों को समस्या मुक्त सुविधाएं, ट्रेनों का समय से आवागमन और प्रस्थान डिस्प्ले बोर्ड का सुचारु संचालन, खानपान और वेटिंग स्टॉल की निगरानी, आधारभूत जरूरतों को तुरंत उपलब्ध कराना, यात्रियों की सेवा सुरक्षा संबंधित शिकायतों को तुरंत निराकरण करना आदि शामिल हैं।
स्टाफ पर होगा विशेष ध्यान
डायरेक्टर हरी दीप कुमार ने बताया कि जल्द ही वह चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की स्थितियों से पूरी तरह से वाकिफ हो जाएंगे। अभी उनकी प्राथमिकता है स्टाफ पर प्रॉपर ध्यान देना। उन्होंने बताया कि सुनने में आया है कि यहां के अस्पताल में डॉक्टर नहीं हैं, फिलहाल उनकी कोशिश यही रहेगी, कि सप्ताह में दो दिन यहां पर डॉक्टर की उपस्थिति हो। इसके अलावा रेगुलर डॉक्टर की नियुक्ति के लिए वह रेलवे बोर्ड को पत्र लिखेंगे।
टिकट के लिए लाइन में नहीं लगना पड़ेगा
जन सधारण टिकट बुकिंग सेवक (जीटीबीएस) की तर्ज पर कंप्यूटरीकृत आरक्षण टिकट की एजेंशियां भी चंडीगढ़ रेलवे स्टेेशन के बाहर खोली जाएंगी। ताकि यात्रियों को टिकट के लिए घंटों लाइन में न लगना पड़े। डायरेक्टर हर दीप कुमार ने बताया कि इसके अलावा चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता बनाए रखने के लिए कांट्रैक्ट पर स्टाफ की भर्ती की जाएगी।
बी श्रेणी के अधिकारी होने से अधिकार होंगे कम
रेलवे बोर्ड के अनुसार, ए श्रेणी के अधिकारी की नियुक्ति डायरेक्टर पद पर होती है। लेकिन, चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बी श्रेणी के अधिकारी की नियुक्ति की गई है ऐसे में उनके अधिकार कम होंगे। दूसरी ओर रेलवे स्टेशन पर डायरेक्टर के बैठने के लिए अभी तक स्थान तय नहीं हुआ है। इस पर डायरेक्टर हरी दीप कुमार ने कहा कि इसके लिए वह डीआरएम से मिलेंगे।