बकाया कमीशन नहीं दिया तो सितंबर का नहीं बंटेगा
डिपो हाल्डरों ने दी चेतावनी, बोले-इसके लिए अधिकारी होंगे जिम्मेदार
अमर उजाला ब्यूरो
रायपुररानी।
पिछले कई सालों से राशन बांटने का कमीशन न दिए जाने से परेशान डिपू होल्डरों ने कॉन्फैड के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए नारेबाजी की और चेतावानी दी कि अगर पिछले वर्षों का बकाया कमीशन नहीं दिया तो वह सिंतबर माह के राशन का एडवांस जमा नहीं कराएंगे। इससे ग्रामीणों को होने वाली परेशानी के लिए विभाग के अधिकारी ही जिम्मेदार होंगे।
बुधवार को रायपुररानी अनाजमंडी में खंड के डिपू होल्डरों ने विभाग के प्रति रोष जताते हुए आरोप लगाया कि सितंबर 2013 से कॉन्फैड पंचकूला के पास उनका कमीशन बकाया है। जिसे देने के बजाए हर बार ऑडिट करने के नाम पर टरकाया जा रहा है। डिपू हाल्डरों ने आरोप लगाया कि वह कई बार कार्यालय में अपना हिसाब भी मिलवा चुके हैं लेकिन फिर खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी उन्हें जानबूझकर मानसिक तनाव दे रहे हैं। डिपो होल्डरों ने बताया कि विभाग की तरफ से उन्हें 70 पैसे प्रति किलोग्राम के हिसाब से कमीशन मिलता है। जिसे लेने के लिए वह कई बार कार्यालय के चक्कर लगा चुके हैं। कॉन्फैड विभाग पंचकूला के पास पिछले चार महीने पहले से उनका कमीशन आया पड़ा है, फिर भी उन्हें कमीशन नहीं दिया जा रहा है। अनिल खेड़ी, रमेश मौली, राकेश टपरियां, उषा रानी बड़ौना, तरसेम चंद पारवाला, बालकिशन भूड़, राकेश दंदलावड़, कर्मचंद मंडलायें, पाला राम त्रिलोकपुर, राय सिंह गनौली, महीपाल भरौली, भूपिंद्र भूड़ सहित काफी डिपो होल्डरों ने रोष जताते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मामले हस्तक्षेप कर बकाया दिलाने की मांग की है। वहीं अनिल कुमार, सीनियर अकाउंटेंट कॉन्फैड पंचकूला ने डिपो हाल्डरों की बात को नकारते हुऐ कहा कि 150 के करीब डिपो होल्डरों का सिर्फ 15 महीने का कमीशन बकाया है जोकि ऑडिट के बाद दे दिया जाएगा।