पुलिसकर्मियों को टक्कर मारने वालों पर केस दर्ज
सीएम के कार्यक्रम के दौरान नाका तोड़कर स्कोडा में भागे थे आरोपी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सूरज थियेटर के पास नाका तोड़ पुलिसकर्मी को टक्कर मारकर भागने वाले आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है।
नाके पर तैनात पुलिसकर्मी ने जब स्कोडा में सवार युवकों को को जब रुकने के लिए कहा तो वह पुलिसकर्मी को टक्कर मारते हुए फरार हो गए। इस घटना में सिपाही राजेंद्र सिंह और आरोपियों का पीछा कर रहे कांस्टेबल राजकुमार को भी चोटें आई थी।
मंगलवार को जब मुख्यमंत्री का कार्यक्रम चल रहा था, इस दौरान सुरक्षा के लिहाज से पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई थी। सूरज थियेटर के पास लगे नाके पर तैनात राजेंद्र सिंह को टक्कर मारकर सवार स्कोडा में भाग गए। तीनों युवक स्कोडा में सवार थे, उसका नंबर एचआर-26 से है। आरोपी जब सिपाही राजेंद्र सिंह को टक्कर मारने के बाद कार में भागने लगे तो कांस्टेबल राजकुमार ने उनका पीछा किया। इस दौरान मैसेज फ्लैश कर दिया गया। राजकुमार ने सेक्टर-दो के पेट्रोल पंप के पास आरोपियों को रोकने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान आरोपियों ने एक एक्टिवा में टक्कर मार दी और भाग गए। पुलिस इस मामले की छानबीन कर रही है, लेकिन आरोपियों का सुराग नहीं मिल सका है।
सेक्टर-पांच थाना के एसएचओ सतीश कुमार ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पार्किंग को लेकर एसआई से भी हुई झड़प
इस दौरान जब ट्रैफिक के सब इंस्पेक्टर सतपाल ने कार में सवार दो लोगों को पार्किंग से मना किया तो दोनों पुलिसकर्मी पर बरसने लगे। पुलिस का कहना है कि कार में सवार दोनों युवकों ने उनके साथ बदतमीजी की और वर्दी उतरवाने की धमकी दी। इसकी शिकायत दे दी गई है, लेकिन फिलहाल केस दर्ज नहीं हुआ है। गौरतलब है कि सीएम के आगमन के मद्देनजर पार्किंग के लिए इंतजाम पहले से कर दिए गए थे जबकि कार में सवार युवकों ने बार-बार उस जगह पर पार्किंग की जिद कर रहे थे, जहां गाड़ी को पार्क नहीं किया जा सकता था।