मोबाइल सिग्नल मिलने से लोगों को मिली राहत
टिक्कर ताल में पहुंचा मोबाइल नेटवर्क, लोगों ने सीएम मनोहर लाल, केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, सांसद रतन लाल कटारिया का जताया आभार
अमर उजाला ब्यूरो
मोरनी।
मोरनी के टिक्कर ताल में मोबाइल सिग्नल न मिलने से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। बीएसएनएल ने नेटवर्क उपलब्ध कराकर लोगों की समस्या को दूर कर दिया है। मोबाइल सिग्नल मिलने के बाद से लोगों ने राहत की सांस ली है।
हरियाणा के एकमात्र पहाड़ी पर्यटक स्थल टिक्कर ताल में मोबाइल नेटवर्क की समस्या से जूझ रहे लोगों की परेशानी को अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाया था। इसके बाद बीएसएनएल अधिकारी हरकत में आए और ग्रामीणों की समस्या को दूर कराया। क्षेत्र में किसी मोबाइल कंपनी का नेटवर्क न होने से हजारों ग्रामीण परेशान थे।
वहीं मोबाइल सिग्नल की समस्या का समाधान होने पर पौंटा पंचायत के सरपंच धर्मपाल शर्मा, माघी राम, लाल चंद, पवन कुमार, विजय सिंह, परमानंद समेत अन्य ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल, सूचना एवं प्रसारण मंत्री रविशंकर प्रसाद, सांसद रतन लाल कटारिया, बीएसएनएल चीफ जरनल मैनेजर, विधायक लतिका शर्मा का आभार जताया है।
सरपंच धर्मपाल शर्मा ने बताया कि मोबाइल नेटवर्क न होने से टिक्कर ताल के हजारों ग्रामीण देश-दुनिया से कटे रहते थे। आपातकालीन स्थिति में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। वहीं मोरनी घूमने आने वाले पर्यटकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इससे मोरनी क्षेत्र का पर्यटन व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा था।
वहीं मोरनी क्षेत्र की सबसे बड़ी पंचायत मांधना गांव के लोगों ने भी मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मोबाइल टावर लगवाने की मांग की है। गांव के युवकों का कहना है कि मांधना से पंचकूला के बीच करीब 20 किमी घना जंगल है, जहां पर किसी कंपनी का मोबाइल नेटवर्क न होने से रात के समय मोरनी आने वाले लोगों में भय का माहौल बना रहता है।