सरकार ने सभी वर्ग के कल्याण के लिए उठाए कदम: मलिक
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
राज्यसभा सांसद श्वेत मलिक ने कहा है कि देश के आमजन की जिन अपेक्षाओं को कांग्रेस कार्यकाल में ध्वस्त कर दिया गया था, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों में उन अपेक्षाओं को फिर से कायम करने का काम किया गया। इस दौरान देश में ऐसा कोई वर्ग अछूता नहीं रहा, जिसके कल्याण के लिए केंद्र सरकार ने कदम न उठाएं हो। मलिक गुरुवार को जिमखाना क्लब में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। राज्यसभा सांसद ने गत तीन वर्षों के कार्यकाल को स्वर्णिम कार्यकाल की संज्ञा देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने परिवारवाद, जातिवाद व भ्रष्टाचार पर गहरी चोट की है। सांसद ने कहा पिछले तीन वर्षो में आर्थिक विकास दर 7 फीसदी से अधिक होना इस बात का प्रमाण है कि भाजपा नेतृत्व में देश तरक्की के नए आयाम स्थापित कर रहा है। मोदी सरकार के नोटबंदी के निर्णय से भ्रष्टाचारियों पर करारी चोट पड़ी है जबकि राजनैतिक पार्टियों की नकद चंदा लेने की सीमा 20 हजार रुपये से घटाकर 2 हजार रुपये करने से राजनैतिक भ्रष्टाचार पर नकेल कसेगी।
जीएसटी से व्यापार का होगा सरलीकरण : सरकार एक जुलाई से जीएसटी लागू कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का यह फैसला आजादी के बाद से अब तक की सबसे बड़ी सकारात्मक आर्थिक क्रांति साबित होगी। जीएसटी लागू होने से पिछली सरकारों द्वारा लगाए 17 अप्रत्यक्ष करों को समाप्त करने की व्यवस्था की गई है। नई प्रणाली से व्यापार के सरलीकरण के साथ पूरे देश में एक जैसी कर प्रणाली लागू हो सकेगी।