हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नए मतदाताओं की संख्या बढ़ रही है। प्रदेश में छह दिन में एक लाख 29 हजार 392 नए मतदाता जुड़े हैं। इनमें 64,031 पुरुष, 65,352 महिलाएं और नौ थर्ड जेंडर के मतदाता हैं। नए मतदाताओं के जुड़ने से प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या 20354350 पहुंच गई है। इनमें 1,07,75,957 पुरुष, 95,77,926 महिलाएं और थर्ड जेंडर 467 मतदाता हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी पंकज अग्रवाल के मुताबिक प्रदेश में 27 अगस्त को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया था। उसके बाद 2 सितंबर 2024 तक वोट बनवाने के लिए फार्म-6 जमा करवाए जा सकते थे। इस दौरान 1,29,392 नए मतदाता सूची में शामिल हुए। मतदान के लिए 20,629 पोलिंग बूथ बनाए गए है।
वहीं, प्रदेश में 100 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के 8,821 मतदाता हैं। 18 से 19 आयु वर्ग के 5,24,514 युवा मतदाता, इसी प्रकार, 1,49,142 दिव्यांग मतदाता और 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,31,093 मतदाता हैं। इसके अलावा, 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 8,821 है। इसके अतिरिक्त, 1,09,217 सर्विस मतदाता है।
मतदाता सूची में जांचें अपना नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विभाग की वेबसाइट ceoharyana.gov.in पर मतदाता सूचियां अपलोड है, कोई भी मतदाता अपना नाम मतदाता सूची में चेक कर सकता है। इसके अलावा, वोटर हेल्पलाइन नंबर- 1950 पर कॉल करके भी अपनी वोट को चेक किया जा सकता है। वोट डालने के लिए मतदाता सूची में नाम शामिल होना अनिवार्य है।
एक चरण में होगा मतदान
हरियाणा विधानसभा की सभी 90 सीटों के लिए एक ही चरण में मतदान होगा। 5 अक्तूबर को वोटिंग होगी। वहीं आठ अक्तूबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे। हालांकि इससे पहले 1 अक्तूबर को मतदान और 4 अक्तूबर को मतगणना होनी थी, लेकिन बाद में चुनाव आयोग की तरफ से तारीखों में बदलाव किया गया था।