सांसद खेर का घर घेराव करने जा रहे 11 छात्र गिरफ्तार
पंजाब यूनिवर्सिटी में फीस वृद्धि के विरोध में शनिवार को सांसद किरण खेर के घर का घेराव करने जा रहे एनएसयूआई से जुड़े 11 छात्रों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। पुलिस कार्रवाई के दौरान कई छात्र मौके से भाग खड़े हुए। इस दौरान चंडीगढ़ के एसएसपी ईश सिंघल और डीएसपी राम गोपाल ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। फीस वृद्धि के खिलाफ एनएसयूआई ने पहले ही शनिवार को सांसद किरण खेर के घर का घेराव करने का एलान किया था। इसकी भनक लगते ही भारी संख्या में पुलिस सांसद के घर के बाहर तैनात थी।
हाथों में पोस्टर लिए शांतिपूर्वक ढंग से सांसद आवास की ओर मार्च कर रहे छात्र सदस्यों को देखते ही पुलिस सख्ती से आगे बढ़ी। पुलिस की इस आक्रमकता को देख कुछ छात्र सदस्य तो वहां से फरार हो गए, लेकिन ग्यारह सदस्य पोस्टर लिए सड़क पर खड़े रहे। इस दौरान पुलिस ने उनके हाथों से पोस्टर छीन लिए और उन्हें बुरी तरह से धमकाया। छात्रों ने पुलिस से कहा कि वे यहां कोई हंगामा करने नहीं आए हैं, सिर्फ अपनी मांग शांतिपूर्वक ढंग से सांसद दरबार तक लेकर आए हैं। लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी और ग्यारह छात्रों को जबरन पुलिस वैन में बिठाकर इलाका थाने ले जाया गया।
इसी दौरान एसएसपी ईश सिंघल और डीएसपी रामगोपल भी वहां पहुंचे। एसएसपी ईश सिंघल ने कहा कि अब किसी भी छात्र को लॉ एंड आर्डर हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा, इसलिए इन छात्रों को हिरासत में लिया। हिरासत में लेने वाले छात्रों में एनएसयूआई के स्टेट प्रेसिडेंट गुरजोत संधू, नवदीप सिद्धू, अमनदीप सिंह, यादविंद्र धालीवाल, विजयजीत, सुमित, नादरवीर, रॉबी सिद्धू, जश्न, सुखविंद्र सिंह शामिल है।
पंजाब सीएम के घर जाकर करें प्रदर्शन: सलारिया
पुलिस को देखकर भागे पीयू के छात्र
- फोटो : अमर उजाला
एनएसयूआई की ओर से शनिवार को चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर के आवास के बाहर किए गए विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्त्रिस्या व्यक्त करते हुए भारतीय जनता युवा मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा, हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी सहदेव सलारिया ने कहा कि एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को चंडीगढ़ की सांसद के कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने की जगह पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन करना चाहिए।
एसएसपी को पत्र, लाठीचार्ज, पथराव की दोबारा हो जांच
फीस वृद्धि के दौरान हुई हिंसा में पुलिस द्वारा छात्रों के खिलाफ दर्ज किए गए मुकदमों को लेकर ज्वाइंट स्टूडेंट एक्शन कमेटी ने चंडीगढ़ के एसएसपी से मांग की है कि वे लाठीचार्ज और पथराव मामले की दोबारा जांच करवाई जाए।
कमेटी ने यह पत्र पुलिस विभाग स्थित पब्लिक विंडों पर दी है। इस पत्र में छात्रों ने एसएसपी से मांग की है कि 11 अप्रैल को पथराव वाली घटना में पुलिस कर्मियों ने उन छात्रों को भी जबरन पिटाई कर काबू किया, जो आंदोलन का हिस्सा में भी नहीं थे।