पीएसईबी चेयरमैन मनोहर लाल कलोहिया व अन्य
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने दसवीं और 12 वीं की परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। पीएसईबी चेयरमैन मनोहर लाल कलोहिया ने कहा कि 2018-19 सेशन के 10वीं की परीक्षा 1 मार्च और 12वीं की परीक्षाएं 15 मार्च से शुरू होंगी। वहीं इस बार पंजाब भर के किसी भी परीक्षा केन्द्र में 500 से अधिक परीक्षार्थी नहीं बैठ पाएंगे। चेयरमैन कलोहिया पठानकोट में मंगलवार को डीईओ और सभी प्रिंसिपल के साथ नकल रहित बोर्ड परीक्षाओं संबंधी बैठक में पहुंचे थे।
चेयरमैन ने बताया कि इस बार हर जिला स्तर पर एक नोडल अफसर तैनात किया जाएगा। डायरेक्टर लेवल का यह अधिकारी परीक्षा के दौरान स्कूलों में जाकर फिजिकल चेकिंग कर सकेगा। वहीं चेयरमैन ने सभी स्कूल प्रिंसिपल को आदेश दिए कि विद्यार्थियों को रोजाना असेंबली में नकल के दुष्परिणाम बताए जाए और इसे रोकने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि बच्चों को बताया जाए कि नकल का सहारा छोड़ पढ़ाई की ओर ध्यान दिया जाए। इसे स्कूलों में कल्चर के तौर पर विकसित किया जाए।
संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों पर लगाए जाएं सीसीटीवी
मनोहर लाल कलोहिया ने सभी प्रिंसिपल से नकल रोकने के लिए सुझाव मांगे और कहा कि संवेदनशील और अति संवेदनशील परीक्षा केन्द्रों में सीसीटीवी लगाए जाएं। उन्होंने डीईओ सेकेंडरी को कहा कि जिन स्कूलों में जरूरत है और सीसीटीवी नहीं हैं उसकी डिटेल विभाग को भेजी जाए ताकि स्थाई हल करवाया जा सके। प्रिंसिपल ने डिमांड रखी कि परीक्षाओं में प्रश्नपत्रों के लिए करीबी बैंक को प्राथमिकता दी जाए। चेयरमैन ने डीईओ सेकेंडरी को निर्देश दिए कि वह स्कूलों और उनके साथ लगते परीक्षा केन्द्रों की डिटेल विभाग को भिजवाएं।