हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी के प्रतिनिधिमंडल में शामिल इंद्र सिंह बधाना, वीरेंद्र सिंह धनखड़, दलबीर किरमारा, अनूप सहरावत, सरबत सिंह पूनिया, पहल सिंह तंवर, दिनेश हुड्डा व कृष्ण सुहाग ने परिवहन मंत्री मूल चंद शर्मा से मुलाकात कर 26 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा।
कर्मचारी नेताओं को परिवहन मंत्री ने मांग पत्र पर जल्दी बातचीत का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल ने किलोमीटर स्कीम के तहत प्राइवेट बसें ठेके पर लेने का निर्णय रद्द करने, विभाग में 14 हजार सरकारी बसें शामिल करने, 5000 रुपये जोखिम भत्ता देने, बोनस की स्थायी नीति बनाकर एक माह के वेतन के बराबर तीन वर्ष के बकाया बोनस का भुगतान करने की मांग की।
परिचालक का ग्रेड पे बढ़ाने सहित कर्मचारियों की वेतन विसंगतियां दूर करने, पुराना ओवर टाइम देने, कर्मशाला कर्मचारियों की अवकाश कटौती पुन: बहाल करने व चालक-परिचालकों व कर्मशाला स्टाफ को हरियाणा सरकार के कैलेंडर अनुसार अवकाश देने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। पूनिया ने बताया कि आठ जनवरी की हड़ताल की सफलता के लिए हरियाणा रोडवेज कर्मचारी तालमेल कमेटी की बैठक 21 दिसंबर को हिसार में बुलाई गई है।