फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जलियांवाला बाग नरसंहार को लेकर ट्विटर पर छिड़ी 'जंग', डायर को डिनर कराने पर कैप्टन ने लिखा...

Sun, 14 Apr 2019 10:27 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
फाइल फोटो
विज्ञापन
जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए माफी पर ट्विटर पर 'जंग' छिड़ गई है। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने जनरल डायर को डिनर कराने को लेकर बादल परिवार पर तीखा तंज कसा। जलियांवाला बाग नरसंहार के सौ वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस और अकाली दल के बीच जमकर सियासी तीर चले।
विज्ञापन


केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने ट्विटर पर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को घेरा तो जवाब में ट्वीट करके कैप्टन ने भी निशाना साधने में कोई कसर नहीं छोड़ी। कैप्टन ने ट्विटर पर हरसिमरत के पुरखों द्वारा जलियांवाला बाग नरसंहार की रात जनरल डायर को रात्रि भोज दिए जाने पर सवाल उठाया।

केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल द्वारा कैप्टन अमरिंदर सिंह और कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के श्री अकाल तख्त साहिब जाने को लेकर ट्वीट किया गया। ट्वीट के जवाब में कैप्टन काफी आक्रामक दिखे। उन्होंने न सिर्फ हरसिमरत, बल्कि उनके पति सुखबीर बादल और उनके पिता प्रकाश सिंह बादल को निशाने पर लेते हुए करारा जवाब दिया।
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री ने ट्वीट किया

हरसिमरत कौर बादल ने ट्वीट किया था कि पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को श्री अकाल तख्त पर लेकर गए। लेकिन वे टैंकों और मोर्टार के साथ सिखों की सर्वोच्च धार्मिक लौकिक सीट को ध्वस्त करने के कांग्रेस के पाप को स्वीकार करने का साहस नहीं जुटा पाए।

क्या यह जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए ब्रिटेन से माफी मांगने की मांग के विपरीत नहीं है! हरसिमरत ने एक अन्य ट्वीट में यह भी कहा कि- जलियांवाला बाग नरसंहार के लिए कैप्टन अमरिंदर ब्रिटिश सरकार से माफी मंगाना चाहते हैं। ऑपरेशन ब्लू स्टार के लिए गांधी परिवार से माफीनामे के बारे में क्या विचार है।

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने करारा जवाब दिया

ट्वीट के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह बात भी कही कि राहुल गांधी को न तो 1984 की घटनाओं की समझ थी और न ही पूरे मामले में उनकी अपनी कोई भूमिका थी। जवाब देते हुए कैप्टन ने बादलों की उस दबी नस पर हाथ रख दिया, जो दशकों तक अपने पूर्वजों द्वारा जालियांवाला बाग नरसंहार के कसाई की मेजबानी के शर्मनाक प्रकरण को छिपाते रहे।

कैप्टन ने लिखा- क्या आपने, आपके पति या उनके पिता प्रकाश सिंह बादल, ने कभी अपने दादा सरदार सुंदर सिंह मजीठिया द्वारा जलियांवाला बाग नरसंहार के दिन जनरल डायर को शानदार भोजन कराने के लिए माफी मांगी थी। उनकी इस वफादारी और उनके कामों के लिए उन्हें 1926 में नाइट की उपाधि भी दी गई थी।
विज्ञापन

कैप्टन ने बादल परिवार पर सवाल उठाए

मुख्यमंत्री ने हरसिमरत, उनके भाई बिक्रम सिंह मजीठिया और बादल परिवार पर राष्ट्रवाद का झंडा बुलंद करने के लिए अपने राजनीतिक हितों को बढ़ावा देने के लिए उनकी निंदा भी की। केंद्रीय मंत्री की टिप्पणी की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा कि वे केवल नकल कर रही हैं, जबकि ऑपरेशन ब्लू स्टार के बाद की घटनाओं में उनकी स्वयं की भूमिका के तथ्यों के बारे में वे बिल्कुल अनजान हैं। कैप्टन ने कहा कि सैन्य कार्रवाई के विरोध में, मैंने संसद और मेरी पार्टी दोनों से इस्तीफा दे दिया था।

मैं आज भी, उन दिनों की घटनाओं के निहितार्थ और परिणामों से पूरी तरह अवगत हूं। उन्होंने कहा कि हरसिमरत उस समय स्कूल में रही होंगी और असल में क्या हुआ था, उन्हें इसकी पूरी तरह से जानकारी नहीं होगी। कैप्टन ने कहा कि इसलिए मुझे श्री अकाल तख्त के बारे में समझाने की कोशिश न करें। इससे सिख समुदाय को कितना दुख हुआ, यह कोई कभी समझ नहीं सकता। वे हमेशा अपने निजी हितों के लिए अपनी सेवा में भी व्यस्त रहे हैं।

 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें