रविवार को 24 घंटे में अब तक सबसे ज्यादा 895 कोरोना संक्रमित मरीज मिले। वहीं 10 लोगों की मौत हो गई। राहत की बात यह है कि एकांतवास में रखे गए 879 मरीजों को स्वस्थ होने पर छुट्टी दे दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने 24 घंटे में 3941 लोगों की कोरोना की जांच की। इनमें से 895 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जबकि 195 की रिपोर्ट आनी बाकी है। शहर में सक्रिय केसों की संख्या 8511 पर पहुंच गई है। वहीं, अब तक 568 मरीजों की मौत हो चुकी है। इससे पहले 3 मई और 7 मई को 890 संक्रमित मरीज मिल चुके हैं।
सेक्टर-45 व ईएसआई में कोविड वार्ड तैयार
स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कंग ने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ईएसआई व सेक्टर-45 सिविल अस्पताल में क्रमश: 15 व 30 बेड के कोविड वार्ड तैयार किए जा चुके हैं। रविवार से वहां मरीजों को भर्ती भी किया जाना था, लेकिन अन्य अस्पतालों से डिस्चार्ज होने वाले कोविड के मरीजों की संख्या ज्यादा होने के कारण ऐसी नौबत नहीं आई।