दस साल पहले बुक कराए फ्लैट की पोजेशन का इंतजार कर रहे लोगों को हाउसफैड ने जबरदस्त झटका दिया है। हाउसफैड ने फ्लैट्स की कीमत में ढाई गुणा की बढ़ोतरी कर दी है। साथ ही फ्लैटों की शेष कीमत और नई कीमत 15 सितंबर तक भरने के आदेश दिए हैं।
आदेश में कहा गया है कि यदि अलॉटी 15 सितंबर तक प्लॉटों की कीमत भरने में असफल रहते हैं, तो उनसे रहती रकम पर 18 फीसदी ब्याज वसूला जाएगा। इसके बाद अलॉटी 15 दिसंबर तक रकम नहीं भर पाए तो हाउसफैड उनके फ्लैट और जमा रकम जब्त कर लेगा।
जानकारी के मुताबिक हाउसफैड ने 2004 में सेक्टर-79 में 632 फ्लैटों की स्कीम निकाली थी। इस दौरान कैटेगरी-1 की कीमत 17 लाख 15 हजार, कैटेगरी दो की 12 लाख, कैटेगरी तीन की नौ लाख व कैटेगरी चार के लिए छह लाख 60 हजार व कैटेगरी पांच के लिए पांच लाख 50 हजार तय की थी।
नियमों के मुताबिक अलॉटियों को फ्लैट की 60 प्रतिशत रकम का हिस्सा तीन किश्तों में देना था, जबकि 40 फीसदी रकम फ्लैट का कब्जा मिलने के बाद अगले दस सालों में 11 फीसदी रकम के साथ चुकानी थी।
अब अलॉटी समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिरी इतनी रकम एक मुश्त कैसे अदा करें। दूसरी तरफ इसी मामले को लेकर नगर काउंसिल के पूर्व सीनियर प्रधान नंद किशोर मरवाहा ने हाउसफैड को पत्र लिखा है। साथ ही कहा है कि फ्लैटों की कीमत में जो ढाई गुना की बढ़ोतरी की गई है, वे पूरी तरह गलत है। इससे पूरी तरह से लोग परेशानी में आ गए हैं। उन्होेंने अधिकारियों से तुरंत इस मामले में दखल देने की मांग की है।