10वीं पातशाही श्री गुरू गोबिंद सिंह जी के 350वें प्रकाश दिवस के अवसर पर संगत श्री पटना साहिब जाने के लिए तैयार रहें। पंजाब सरकार द्वारा बड़े पैमाने पर प्रंबध किए गए हैं। राज्य से 10 विशेष रेलगाड़ियों और 300 बसों द्वारा 25000 श्रद्धालुओं को निशुल्क लाने ले जाने का प्रबंध किया गया है।
यह खुलासा शिक्षा मंत्री डा. दलजीत सिंह चीमा ने शुक्रवार को जारी प्रैस बयान में किया। डा. चीमा ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल के प्रयासों से इस वर्ष पहली जनवरी को मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम शुरू की गई, जिसके तहत पंजाब के लोगों को विभिन्न धर्म स्थानों की निशुल्क दर्शन करवाये गये।
इस श्रृंखला को जारी रखते हुये पंजाब सरकार द्वारा अब श्रद्धालुओं को श्री पटना साहिब ले जाने का फैसला किया गया है, जहां श्री गुरू गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश दिवस 5 जनवरी, 2017 को बड़े स्तर पर मनाया जा रहा है। उन्होने बताया कि जनवरी के पहले सप्ताह में 10 रेल गाड़ियों द्वारा दस हजार और 300 बसों द्वारा 15000 संगतों को श्री पटना साहिब ले जाया जाएगा।