हरियाणा के 10 जिलों में 10 हजार करोड़ के वैट (मूल्य संवर्द्धित कर) घोटाले में मंगलवार को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। इंफोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ईडी) ने इस मामले में हाईकोर्ट में अपनी स्टेटस रिपोर्ट दाखिल कर दी है। इसमें बताया गया कि अब तक 58 एफआईआर दर्ज होने सहित प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग एक्ट (पीएमएलए) के तहत इस मामले की जांच चल रही है।
करोड़ों के वैट घोटाले के तार हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, गुजरात और दिल्ली से जुड़े हैं। हाईकोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट को रिकार्ड पर लेते हुए अगली सुनवाई के लिए 22 सितंबर की तारीख तय की है। अगली सुनवाई पर ही इस मामले की जांच सीबीआई जांच को लेकर निर्णय लिया जाएगा। इस मामले में हुई पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से करोड़ों के वैट घोटाले से संबंधित रिकार्ड सील करने के निर्देश दिए थे। याचिकाकर्ता ने इस मामले की सीबीआई जांच करवाने की मांग की है, जिस पर हाईकोर्ट ने सीबीआई व ईडी से जवाब मांगा था।