पेट्रोल पंप पर ऑटो चालक से दस दस के सिक्के लेने से मना किया तो ऑटो चालक ने 100 नंबर पर फोन कर पुलिस बुला ली। पुलिस पंप मैनेजर व ऑटो चालक को सेक्टर 19 पुलिस थाने ले गई। जहां पर पंप मैनेजर ने मजाक की बात कहकर जान छुड़ाई और समझौता कर लिया।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को सुबह ऑटो चालक राजकुमार सेक्टर 21 स्थित कपूर सर्विस स्टेशन पर ऑटो में एलपीजी डलवाने गया था। राजकुमार ने आरोप लगाया कि अभी कर्मचारी ने गैस भरने के लिए पाइप ऑटो में लगाई ही थी। तभी उसने पेमेंट के लिए दस दस के सिक्के गिनने शुरू कर दिए। सिक्के गिनते देख कर्मचारी ने ऑटो से पाइप निकाल ली और कहा कि वह दस दस के सिक्के नहीं लेगा। राजकु मार ने बताया कि उसने ऑटो में 470 रुपये की गैस भरवानी थी। उसके पास 170 रुपये के दस दस के सिक्के थे। बाकी के नोट थे।
इस कारण सर्विस स्टेशन के कर्मचारी ने दस दस के 170 रुपये के सिक्के लेने से साफ इंकार कर दिया। कर्मचारी के सिक्के न लेने की शिकायत पुलिस कंट्रोल रूम में दे दी। सूचना मिलते ही सेक्टर 19 थाने से जांच अधिकारी केहर सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ऑटो चालक व मैनेजर को पुलिस थाने ले आई। इसके बाद पुलिस ने बयान दिया कि उन्होंने ऑटो चालक राजकुमार के बयान दर्ज किए। सर्विस सेंटर के मैनेजर ने पुलिस से कहा कि कर्मचारी ने मजाक मे दस दस के सिक्के लेने से मना किया था। बाद में थानेे में दोनों पक्षों में समझौता कर लिया। इसके बाद सेक्टर 19 पुलिस स्टेशन में सिर्फ डीडीआर दर्ज कर दोनों को जाने दिया।