चंडीगढ़। नगर निगम की वित्त एवं अनुबंध समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मेयर रविकांत शर्मा ने की। बैठक में नगर निगम आयुक्त केके यादव सहित अन्य अधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में पेवर ब्लॉक, सड़कों की रिकार्पेटिंग करने के एक करोड़ 65 लाख 24 हजार रुपये के विकास कार्यों के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
बैठक में गांव पलसोरा की फिरनी रोड पर 80 एमएम मोटे पेवर ब्लॉक उपलब्ध कराने और फिक्स करने के कार्य के लिए 43 लाख 11 हजार रुपये की मंजूरी दी गई। सेक्टर-19 में उम्मीद सोसायटी की ओर से मोबाइल वैन की एक्सटेंशन देने से इनकार कर दिया और संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में एक ड्राफ्ट नीति तैयार करने के लिए कहा।
वहीं सेक्टर-39 और 40 के विभिन्न पार्कों में रेलिंग और लैंडस्केपिंग पर 29 लाख 46 हजार रुपये खर्च होंगे। वहीं नगर निगम सीमा में मृत जानवरों को उठाने के लिए ठेकेदार के कार्यकाल को 30 जून, 2021 तक और एल-1 फर्म को नया ठेका आवंटित करने के लिए 1 जुलाई, 2021 से आगे बढ़ाया है। विकास नगर, मौलीजागरां में मुख्य सड़कों के री-कार्पेटिंग के लिए 45 लाख 40 हजार रुपये की मंजूरी दी है। समिति ने नई ओवरब्रिज बिल्डिंग, सेक्टर-17 में दूसरी और तीसरी मंजिल पर कार्यालय की जगह के नवीनीकरण की मंजूरी दी। इस पर 47 लाख 27 हजार रुपये खर्च होंगे।