उच्च शिक्षण संस्थानों में रैगिंग रोकने के लिए यूजीसी ने सख्त कदम उठाते हुए सभी यूनिवर्सिटी और कॉलेजों को पत्र जारी किया है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि संस्थान में रैगिंग नहीं होनी चाहिए। यूजीसी की तरफ से जारी पत्र में कहा गया है कि उच्च शिक्षण संस्थान रैगिंग रोकने के लिए ठोस कदम उठाएं।
संस्थान के प्रॉस्पेक्ट्स पर रैगिंग से संबंधित दिशा-निर्देश होने जरूरी हैं। इसके अलावा संस्थान में जगह-जगह हेल्पलाइन नंबर लिखा जाए, जिससे कोई भी उस पर संपर्क कर सकें। यदि फिर भी कोई रैगिंग करते हुए पकड़ा जाता है तो उसके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाए।
रैगिंग के साथ ही यूजीसी ने पिछड़ा वर्ग के छात्रों को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं। यूजीसी ने कहा है कि संस्थान में पढ़ने वाले पिछड़ा वर्ग के छात्रों की समस्याओं को दर्ज कर उनका तुरंत समाधान कराया जाए। छात्रों की समस्याओं को लेकर कोई भी लापरवाही नहीं होनी चाहिए। गौरतलब है कि यूजीसी ने यह दिशा-निर्देश नए शैक्षणिक सत्र को लेकर दिए हैं।