जम्मू विश्वविद्यालय में आगामी दो अप्रैल को हो रहे 16वें दीक्षांत समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। छुट्टियों के बावजूद अधिकारी और अन्य स्टाफ तैयारियों को मुकम्मल बनाने में जुटा हुआ है।
आयोजन स्थल जनरल जोरावर सिंह सभागार के अलावा कैंपस में मरम्मत कार्यों को तेज किया गया है। समारोह में वर्ष 2014 सेशन के 88 टापरों के अलावा 104 पीएचडी धारकों को डिग्रियां वितरित की जानी हैं।
दीक्षांत समारोह में शामिल करने वाले विद्यार्थियों की सूची को फाइनल किया जा रहा है। इसके अलावा वीरवार से अन्य लोगों के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया होगी। समारोह में देश के उपराष्ट्रपति हमीद अंसारी, मुख्य न्यायाधीश टीएस ठाकुर सहित अन्य प्रमुख गणमान्य लोगों के शामिल होने से सुरक्षा को भी मजबूत बनाया जा रहा है।
समारोह को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय मजबूत बनाकर काम करने को कहा गया है। जनरल जोरावर सिंह सभागार की चमक को बढ़ाया जा रहा है।
उल्लेखनीय है कि जम्मू विश्वविद्यालय में 15 मई 2007 को विशेष दीक्षांत समारोह में तत्कालीन प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह को डिग्री प्रदान की गई थी। इस बार मुख्य न्यायाधीश को यह डिग्री प्रदान की जाएगी।