उत्तराखंड बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर रिजल्ट देने वाले शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं लगातार दो साल तक खराब रिजल्ट देने वाले शिक्षकों का वेतन और प्रमोशन रुकेगा। शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने शिक्षा निदेशक को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिक्षा महानिदेशक डी सेंथिल पांडियन ने कहा कि शिक्षा विभाग समय पर बोर्ड परीक्षाफल घोषित करने में सफल रहा है। परीक्षाफल का प्रतिशत संतोषजनक है, लेकिन सभी प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक पूर्ण मनोयोग से काम करते तो और भी बेहतर परिणाम सामने आते।
खराब परिणाम पर प्रतिकूल प्रविष्टि
शिक्षा महानिदेशक ने कहा कि उत्कृष्ट परीक्षाफल देने वाले प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। वहीं खराब परीक्षा परिणाम देने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और शिक्षकों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी।
शिक्षा महानिदेशक ने शिक्षा निदेशक को दिए निर्देश में कहा कि बेहतर परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों की सूची महानिदेशालय को उपलब्ध कराई जाए। जबकि इस वर्ष खराब परीक्षाफल देने वाले प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाए।