एमसीडी स्कूलों को इस साल सीसीटीवी कैमरों से लैस कर दिया जाएगा। दक्षिणी दिल्ली एमसीडी ने इस मद के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। फिलहाल 20 स्कूलों को सीसीटीवी से लैस कर दिया गया है।
छात्रों की सुरक्षा व शिक्षकों की पढ़ाई की शैली पर नजर रखी जाएगी। एमसीडी न केवल सीसीटीवी कैमरे से स्कूलों को लैस करेगी बल्कि इसका मॉनिटरिंग भी नियमित रूप से करेगी।
दक्षिणी दिल्ली के मेयर सुभाष आर्य ने बताया कि छात्रों की सुरक्षा बेहद ही अहम है। कैमरों को मॉनिटर किया जायेगा। स्कूल के शिक्षक छात्रों को क्या पढ़ा रहे है इसकी मॉनिटरिंग इन कैमरों से की जाएगी इसका फायदा यह होगा कि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा दी जा सके।
मेयर ने बताया कि मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के लिए चारों क्षेत्रों में एक-एक टीम बनाई जाएगी। एमसीडी के नियंत्रण कक्ष के साथ ही सिविक सेंटर से भी बच्चों की सुरक्षा पर नजर रखी जा सकेगी।
एक स्कूल को सीसीटीवी कैमरा लगाने पर करीब एक लाख रुपये खर्च किया जाएगा। इस योजना को अमली जामा पहनाने के लिए एमसीडी ने 2016-17 के लिए बजटीय प्रावधान किया है।
उन्होंने यह भी बताया कि सभी 104 वार्डों के पार्षद भी एक-एक स्कूल को एडॉप्ट करेंगे जिसके लिए प्रत्येक पार्षद को स्कूलों के विकास कार्यों के लिए पांच-पांच लाख रुपया दिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि दक्षिणी एमसीडी के तहत 579 स्कूल आते हैं। इन सभी स्कूलों को सीसीटीवी से लैस होना है।