सेंट्रल यूनिवर्सिटी जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स (5/2/3 साल प्रोग्राम) और पीएचडी प्रोग्राम में दाखिले के लिए कामन एंट्रेंस टेस्ट की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। 21 और 22 मई को होने वाली दाखिला प्रवेश परीक्षा में करीब छह सौ सीटों के लिए दस हजार से ज्यादा आनलाइन आवेदन आ चुके हैं।
केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में पीजी/यूजी कोर्स में दाखिला मिले, इसके लिए विद्यार्थी इन दिनों तैयारी में डूबे हुए हैं। ग्रुप में पढ़ाई करने पर ज्यादा जोर दिया जा रहा है। विवि के दाखिला इंचार्ज अकादमिक कोआर्डिनेटर प्रो. लोकेश वर्मा के अनुसार नए सत्र से आठ नए विषय शुरू किए जा रहे हैं, जिसमेें कुल 21 विषय कामन एंट्रेंस टेस्ट में होंगे।
17 जून को परीक्षा के नतीजे घोषित होने के साथ मेरिट के आधार पर दाखिला प्रक्रिया शुरू होगी। छह मई से आनलाइन एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। बारहवीं के बाद करवाए जाने वाले पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड कोर्स में एमएससी फिजिक्स, केमिस्ट्री, बाटनी, जूलोजी विषय शामिल हैं।
इसके अलावा दो वर्षीय कोर्सों में एमएससी एन्वायरमेंटल साइंस, एमटेक कंप्यूटर साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमएससी मैटेरियल साइंस एंड टेक्नोलॉजी, एमए/एमएससी एप्लाइड मैथमेटिक्स, एमए इकनामिक्स, एमए पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, एमए सोशल वर्क, एमए मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एमए नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज, एमएड, एमए इंग्लिश एंड कंपरेटिव लिटरेचर, एमए हिंदी, एमबीए (ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट), एमबीए (सप्लाई चेन मैनेजमेंट), एमबीए (टूरिज्म एंड ट्रैवल मैनेजमेंट) और तीन वर्षीय कोर्सों में बी वाक (रिटेल मैनेजमेंट और बी वाक (टूरिज्म मैनेजमेंट) शामिल हैं।
एक साल के कोर्स में डिप्लोमा, दो वर्ष में एडवांस डिप्लोमा और तीन वर्ष के कोर्स में डिग्री प्रदान की जाएगी। इसी तरह पीएचडी प्रोग्राम में मैथमैटिक्स, कंप्यूटर साइंस एंड आईटी, इन्वायरमेंटल साइंस, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, इकनामिक्स, पब्लिक पालिसी एंड पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन, सोशल वर्क, मास कम्युनिकेशन एंड न्यू मीडिया, एजूकेशन और नेशनल सिक्योरिटी स्टडीज शामिल हैं। ब्यूटी एंड वेलनेस में एक साल का डिप्लोमा कोर्स करवाया जाएगा।