एबीवीपी की राष्ट्रीय मीडिया संयोजक मोनिका चौधरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रचार के लिए खास रणनीति बनाई है। इसके लिए संगठन स्तर पर भी टीमें बनाई गई हैं जो कि सिर्फ सोशल मीडिया पर ही फोकस किए हुए हैं। एबीवीपी व्हाट्सएप ग्रुप, इंस्टाग्राम, ट्विटर पर भी सक्रिय है। जहां से संगठन की गतिविधियों के संबंध में छात्रों तक जानकारी पहुंचाई जा रही है।
व्हाट्सएप, ट्विटर व इंस्टाग्राम पर संगठन की उपलब्धियों व अन्य संगठनों की कमियों को उजागर किया जा रहा है। संगठन के मुद्दों को भी छात्रों तक पहुंचाया जा रहा है। एबीवीपी के पेज के माध्यम से संगठन के कार्यों और योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। प्रचार के लिए सीमित समय होने के कारण इस तरह से प्रचार का लाभ निश्चित तौर पर होगा। मौजूदा समय में छात्र सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहते हैं। ऐसे में उनसे संपर्क साधने का यह सबसे बेहतर हथियार बन रहा है।
एबीवीपी की ओर से प्री डूसू कैंपेन के लिए पहले ही संभावित 9 उम्मीदवारों सुधीर डेढ़ा, अंकिव बसोया, जगत तंवर, शक्ति सिंह, रवि यादव, नवीन कुमार, प्रज्ञा मलिक, योगित राठी तथा ज्योति चौधरी का चयन कर लिया है। अब इनमें से चार उम्मीदवारों के नामों पर मुहर लगाने के लिए अगले सप्ताह चयन समिति बनेगी।
यह समिति टिकट के इन दावेदारों का प्री डूसू कैंपेन के दौरान प्रदर्शन को देखेगी। नामांकन प्रक्रिया संपन्न होने के बाद ही एबीवीपी अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा करेगी और उसके बाद ही घोषणा पत्र जारी किया जाएगा।