प्राइवेट और कॉन्वेंट स्कूलों की तर्ज पर अब शहर के सरकारी स्कूलों में भी बच्चों को स्मार्ट एजुकेशन मिलेगी। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लास रूम तैयार करने का प्रपोजल तैयार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, अप्रैल माह में ही 10 स्कूलों में यह सुविधा मिलने लगेगी। विभाग ने इसके लिए तैयारी पूरी कर ली है।
डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन (डीएसई) और शिक्षा अधिकारी नए स्मार्ट क्लासरूम वाले स्कूलों का दौरा कर रहे हैं। 15 अप्रैल से इसके शुरू होने की उम्मीद है। विभाग ने अगले एक साल में 20 और सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम तैयार करने पर काम शुरू कर दिया है।
गौरतलब है कि अब तक तीन सरकारी स्कूलों में स्मार्ट क्लासरूम चल रहे हैं। देश भर में तीन साल पहले सेक्टर-53 में देश का पहला सरकारी स्मार्ट स्कूल शुरू किया गया था। जानकारी के अनुसार, स्मार्ट रूम तैयार करने का काम एक प्राइवेट एजेंसी को दिया गया है। प्रत्येक रूम के लिए कंपनी को 4500 रुपये दिए जाएंगे। इस प्रोजेक्ट पर शिक्षा विभाग करीब 1.50 करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है। स्मार्ट क्लास में पढ़ाई का कंटेंट भी विभाग अपने स्तर पर तैयार करेगा। सेक्टर-32 स्थित स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन (एसआईई) में ई-कंटेंट तैयार किया जाएगा।
200 छात्राओं को मिलेंगी साइकिल
शिक्षा विभाग ने छात्राओं को पढ़ाई के प्रति जागरूक करने के लिए उन्हें साइकिल देने का फैसला लिया है। केंद्र सरकार की विशेष स्कीम के तहत 11वीं में अच्छे अंक लाने वाली छात्राओं को शिक्षा विभाग अप्रैल के अंत तक साइकिलें देगा। अधिकारियों के अनुसार साइकिल खरीदने का ऑर्डर दिया जा चुका है। सभी स्कूलों से छात्राओं की लिस्ट मांगी गई है।
विद्यार्थियों को मिलेंगे टेबलेट
केंद्र की विशेष योजना के तहत सरकारी स्कूलों में बच्चों को टेबलेट दिए जाने की तैयारी है। पायलट प्रोजेक्ट के तहत इस समय शहर के पांच स्कूलों में करीब 150 टेबलेट ट्रायल के लिए विद्यार्थियों और टीचर्स को दिए गए हैं। आउटपुट बेहतर आने पर इनकी खरीदारी की जाएगी। एक टेबलेट की कीमत करीब 10 हजार बताई गई है। शिक्षा विभाग स्मार्ट क्लासरूम के लिए शिक्षकों को भी अपडेट करेगा। शिक्षकों के लिए खास ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू किया जाएगा। जिसमें उन्हें ई कंटेंट को प्रयोग करने के बारे में विशेषज्ञ जानकारी देंगे।
रूबिंदरजीत सिंह बराड़, डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन, यूटी ने बताया कि शहर के सभी सरकारी स्कूलों में स्मार्ट एजुकेशन शुरू करने की तैयारी में है। अप्रैल माह में ही 10 स्कूलों में यह सुविधा मिलने लगेगी। अगले साल तक स्मार्ट क्लासरूम की संख्या को बढ़ाया जाएगा। जल्द ही विभाग होनहार छात्राओं को साइकिल भी देगा।