जम्मू कश्मीर राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड ने राज्य के दसवीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को आनलाइन रिवैल्युएशन फार्म भरने की सुविधा देना शुरू कर दिया है। रिजल्ट निकलने के बाद विद्यार्थी बोर्ड की वेबसाइट पर आनलाइन फार्म भर सकेंगे।
कुछ महीने पहले पूर्व शिक्षा मंत्री नईम अख्तर ने बोर्ड की प्रक्रिया में सुधार को लेकर कई तरह के आदेश जम्मू कश्मीर राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड को दिए थे। इसमें विद्यार्थियों को आनलाइन फार्म भरने की सुविधा प्रदान करना भी था, जिसको अब बोर्ड ने पूरा कर दिया है। इससे पहले परीक्षा परिणाम निकलने के बाद नाखुश विद्यार्थी रिवैल्युएशन फार्म भरते थे।
इस फार्म को भरने के लिए विद्यार्थियों को पहले कई बार बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते थे। तब कहीं जाकर सभी फार्म भर पाते हैं। इसके कारण काफी परेशानियां विद्यार्थियों के सामने आती थीं।
वहीं परीक्षा परिणाम निकलने के बाद बोर्ड कार्यालयों में भीड़ भी काफी बढ़ जाती थी, जिसके कारण कर्मचारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब इस परेशानी को बोर्ड ने दूर कर दिया है।
बोर्ड ने वेबसाइट को नए सिरे से तैयार करके नया रूप दिया है और इसमें आनलाइन फार्म भरने का भी आप्शन रखा गया है। यह सुविधा केवल दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए ही रखी गई है।