पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव
पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव को लेकर चंडीगढ़ पुलिस पूरे एक्शन में हैं। शांति व्यवस्था के मद्देनजर सीआईडी विंग ने 117 संदिग्ध गाड़ियों की लिस्ट तैयार की है। ये गाड़ियां पीयू के वर्तमान और पूर्व छात्र नेताओं सहित प्रिवेंटिव एक्शन की लिस्ट में शामिल छात्र नेताओं की हैं। पुलिस पहले ही 97 छात्र नेताओं के खिलाफ केस दर्ज कर चुकी है।
जानकारी मिली थी कि इन कारों के मालिक अपनी गाड़ी में असलहा और अवैध सामान लेकर कैंपस में घुस सकते हैं। लिस्ट में सभी छात्र नेताओं सहित उनकी गाड़ी के नंबर भी शामिल हैं, जो चुनाव के दौरान हिंसा फैला सकते हैं। पुलिस ने लिस्ट को पीयू प्रशासन को सौंप कर सिक्योरिटी विंग को हिदायत दी है कि इन पर विशेष नजर रखी जाए। इनमें ज्यादातर पंजाब, हरियाणा की लग्जरी गाड़ियां हैं।
छात्रों की कारगुजारी पर पुलिस की नजर
पीयू व सभी कॉलेजों में सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस नजर रखेगी कि किस संगठन के छात्र नियमों की अवहेलना कर रहे हैं। छात्रों को लुभाने के लिए किसी तरह का प्रलोभन तो नहीं दिया जा रहा है। ट्रैफिक विंग को भी नाकाबंदी करके ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के चालान काटने के निर्देश हैं।
किसी तरह की चूक नहीं होगी: डीएसपी सेंट्रल
डीएसपी सेंट्रल रामगोपाल के अनुसार पीयू चुनाव के दौरान आउटसाइडर व उनकी गाड़ियों से हर बार परेशानी होती है। इस बार परेशानी नहीं होने दी जाएगी। किसी तरह की हिंसा, भड़काऊ भाषण व नियमों की अवहेलना बर्दास्त नहीं की जाएगी। ऐसे आउटसाइडर, अराजकतत्वों के खिलाफ पुलिस सख्ती से पेश आने को तैयार है। पीयू सिक्योरिटी भी अलर्ट कर पुलिस तैनाती भी कर दी गई है।