पंजाब यूनिवर्सिटी में बोर्ड ऑफ फाइनेंस की सोमवार को बैठक हुई। बैठक में पीयू को रिवाइज्ड बजट 548.38 करोड़ रुपये मिला है। यह बजट केंद्र और पंजाब सरकार की ओर से पीयू को दिया जाएगा। पीयू के वीसी प्रो. अरुण ग्रोवर की यह आखिरी बोर्ड ऑफ फाइनेंस की बैठक थी। 22 जुलाई को उनका कार्यकाल खत्म हो रहा है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए 28.55 करोड़ रुपये पिछले वर्ष से अधिक मिले हैं। वर्ष 2017-18 वित्तीय वर्ष में 527.83 करोड़ रुपये मिले थे। पीयू को केंद्र सरकार की ओर से इस वित्तीय वर्ष में ग्रांट के तौर पर छह फीसदी अधिक रकम भुगतान की जाएगी। पीयू को इस वित्तीय वर्ष में 220.26 करोड़ रुपये का भुगतान केंद्र सरकार की ओर से किया जाएगा। पंजाब सरकार की ओर से 27 करोड़ रुपये की ग्रांट दी जाएगी। पीयू के इंटरनल रेवेन्यू 293.03 करोड़ रुपये को भी इसमें शामिल किया जाएगा। इस बार बजट अधिक मिलने से पीयू की हालात में सुधार जरूर होगा।