पंजाब बोर्ड में 12वीं की टॉपर साहिल
- फोटो : अमर उजाला
साइकिल रिपेयर का काम करने वाले सुरिंदर कुमार के बेटे साहिल मिड्डा ने पंजाब शिक्षा बोर्ड की परीक्षा में 100 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। तेजा सिंह स्वतंत्र मेमोरियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के छात्र साहिल ने कॉमर्स में स्पोर्ट्स कैटेगरी में 450 में से 450 अंक हासिल किए। साहिल के पिता शिमलापुरी स्थित मैट दी चक्की के पास साइकिल रिपेयर की छोटी सी दुकान चलाते हैं।
साहिल भी अपने पिता के साथ काम में हाथ बंटाता है। साहिल ने दसवीं की परीक्षा में 90.76 प्रतिशत अंक हासिल किए थे। स्कूल में टीचर्स जो पढ़ाते, वह उसे घर पर रिवाइज करता था। बारहवीं की परीक्षा से दो महीने पहले साहिल का एक्सीडेंट हो गया था। पांव पर चोट लगने के कारण स्कूल जाने में भी परेशानी होती थी। इसलिए अकाउंट्स की ट्यूशन रखनी पड़ी। साहिल सीए बनना चाहता है। वह अब बीकॉम के लिए गवर्नमेंट कालेज में एडमिशन लेगा।
साहिल बेसबॉल में स्टेट लेवल का प्लेयर भी है। साहिल की बहन शालिनी बीसीएम स्कूल में पढ़ती है और उसने भी बारहवीं की परीक्षा दी है। हालांकि अभी उसका नतीजा नहीं आया है। उसने बताया कि वह और साहिल एक साथ पढ़ाई किया करते थे। स्कूल से छुट्टी के बाद वह ट्यूशन जाता, फिर घर पर आकर रिवाइज करता। इसके बाद रात के समय ही अधिकतर पढ़ाई करता। साहिल का सपना विदेश जाने का है।