दिल्ली सरकार की ओर से निजी स्कूलों के लिए फीस बढ़ोतरी को लेकर दिए जा रहे निर्देशों से परेशान स्कूल प्रबंधकों ने अब उपराज्यपाल से गुहार लगाई है।
स्कूलों का कहना है कि जहां सरकार फीस बढ़ोतरी से संबंधित प्रारुप और दस्तावेज मांग रही हैं वहीं, अभिभावकों को स्कूलों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के लिए भड़काया जा रहा है।
दिल्ली स्टेट पब्लिक स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के अध्यक्ष आर.सी जैन ने बताया कि सरकार की ओर से जहां फीस बढ़ोतरी के लिए आवेदन मांगे जा रहे हैं वहीं अभिभावकों को धरने करने के लिए उकसाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विभिन्न स्कूलों ने फीस बढ़ोतरी के लिए शिक्षा निदेशालय को अपने आवेदन दिए हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 मई है। ऐसे में जब तक स्कूलों को फीस बढ़ाने की मंजूरी नहीं मिल जाती वह बढ़ी फीस नहीं ले सकते हैं।
ऐसे में अब उन्होंने उपराज्यपाल से गुहार लगाई है कि वह इस मामले में जल्द ही स्कूलों से प्राप्त हो रहे आवेदनों पर कार्रवाई करने के लिए शिक्षा निदेशालय को निर्देश दें।