गुड़गांव रेंज के कमिश्नर की योजना पर सही तरीके से अमल हुआ तो वो दिन दूर नहीं जब मेवात के बच्चे फर्राटेदार अंग्रेजी बोलना शुरू कर देगें। इसके लिये मेवात जिला के दसवीं से बारहवीं कक्षा के 95 सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी पढाने वाले अध्यापकों को एसआरएफ फाउंडेशन द्वारा चार माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इस बारे में मंगलवार को नूंह में आयोजित एक मीटिंग में मेवात के एडीसी और जिला शिक्षा अधिकारी ने जिले के अध्यापकों को ट्रेनिंग का प्रारूप बताया। एसआरएफ फाउंडेशन के नवीन लाठर ने बताया कि गुड़गांव रेंज के कमिश्नर डी सुरेश ने उनकी संस्था को जिम्मेदारी सौंपी है कि मेवात जिला में दसवी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों को सरल भाषा में अंग्रेजी सिखाई जाए।
उन्होंने बताया कि स्कूल में अध्यापक पहले भी अंग्रेजी पढ़ाते थे लेकिन अब उनके पढ़ाने का अंदाज बदला जाएगा। उन्होंने बताया कि मेवात जिला में 8 मेवात मॉडल स्कूलों सहित 40 हाईस्कूल और 47 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं।
स्कूलों से कम से कम एक-एक अंग्रेजी अध्यापक को उनकी संस्था की ओर से चार माह तक ट्रेंनिंग दी जाएगी। यह ट्रेनिंग नूंह के मेवात मॉडल स्कूल और नगीना के बाईट सेंटर पर शुरू होगी।