कॉलेज नगरोटा बगवां के एमबीए के तीन विद्यार्थियों ने प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में प्रथम तीन स्थान हासिल किए हैं।
- फोटो : अमर उजाला
राजीव गांधी राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज नगरोटा बगवां के एमबीए के तीन विद्यार्थियों ने प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम में प्रदेशभर में प्रथम तीन स्थान हासिल किए हैं। प्राचार्य डॉ. राकेश सहगल तथा कॉलेज के समन्वयक डॉ. पुनीत सूद ने बताया कि दिसंबर 2015 में आयोजित हुई प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा के परिणाम में मेकेनिकल इंजीनियरिंग विवेक दीक्षित ने 10 में से 9.86 सीजीपीए हासिल करके प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
बिजनेस ग्रेजुएट अनीतिका कटोच ने 9.81 सीजीपीए हासिल कर दूसरा स्थान हासिल किया। विजेंद्र पठानिया ने 9.68 सीजीपीए हासिल करके प्रदेश भर में तृतीय स्थान प्राप्त किया। कॉलेज के चार विद्यार्थियों ने 9 तथा इतने ही विद्यार्थियों ने 8 से ऊपर सीजीपीए हासिल करके उपलब्धि हासिल की है।
डॉ. पुनीत सूद ने बताया कि बिजनेस स्कूल में एमबीए शिक्षा का मुख्य उद्देश्य शोध और विश्लेषण पर आधारित है। उपलब्धि को लेकर विधायक एवं परिवहन मंत्री जीएस बाली, वाइस चांसलर डॉ. आरएल शर्मा, निदेशक एवं प्राचार्य डॉ. राकेश सहगल, अकादमिक डीन डॉ. एनएन शर्मा और प्राध्यापक वर्ग ने विद्यार्थियों को बधाई दी है।