सेक्टर-32 स्थित एसडी कॉलेज कॉमर्स संकाय में दाखिले के लिए नार्थ रीजन के टॉप कॉलेज में गिना जाता है। बीकॉम दाखिले में पहली च्वायस एसडी कॉलेज रहता है। कॉलेज ने साइंस और अन्य वोकेशनल कोर्स में भी धाक बना ली है। यूजीसी द्वारा कॉलेज को पोटेंशियल फॉर एक्सीलेंस के लिए चुना जाना इसका प्रमाण है।
हर साल कॉलेज को 50 लाख ग्रांट मिलती है। कॉलेज में बैचलर इन वोकेशनल कोर्स भी पिछले कुछ सालों से काफी पॉपुलर हुए हैं। इस प्रोजेक्ट के लिए भी कॉलेज को 5 करोड़ की ग्रांट मिली है।
1973 में स्थापित एसडी कॉलेज की फैकल्टी और इंटरनेशनल स्तर का इंफ्रॉस्ट्रक्चर इसे अन्य कॉलेजों से अलग पहचान दिलाता है। जानकारी अनुसार कॉलेज के 200 शिक्षकों में से 90 से अधिक पीएचडी हैं। कॉलेज टॉपर और बेहतर खिलाड़ियों को हर साल 35 लाख से अधिक स्कॉलरशिप देता है। हर साल विभिन्न कोर्स में 6 हजार विद्यार्थियों को दाखिला दिया जाता है।
350 स्टूडेंट के लिए हॉस्टल सुविधा
कॉलेज में दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 2 हॉस्टल में 350 सीटें हैं। हॉस्टल फीस 70 हजार सालाना है। नेशनल और इंटरनेशनल विद्यार्थियों को हॉस्टल में निशुल्क रहनेे की सुविधा दी जाती है।
5 लाख किताबों की हाईटेक लाइब्रेरी
कॉलेज में 9 हाईटेक कंप्यूटर लैब मौजूद हैं। 21 स्मार्ट क्लासरूम में डिजिटल तरीके से स्टूडेंट को पढ़ाया जाता है। वोकेशनल और साइंस संकायों के लिए भी लेटेस्ट टेक्नोलॉजी की लैब तैयार की गई हैं। लाइब्रेरी में 5 लाख से अधिक किताबें, ऑनलाइन बुक्स और जर्नल की सुविधा है।
हर साल 150 सीए एसडी स्टूडेंट
एसडी कॉलेज की पहचान कॉमर्स के स्पेशलिस्ट तैयार करने में होती है। डॉ.भूषण के अनुसार हर साल सीए बनने वाले 150 स्टूडेंट एसडी कॉलेज से बीकॉम किए होते हैं। उन्होंने बताया कि 2016 में स्टूडेंट को 6 लाख तक पैकेज ऑफर हुए हैं। कॉलेज ने कई आईएएस,जज सहित वीआरवी सिंह,अमित उनियाल जैसे कई इंटरनेशनल स्तर के खिलाड़ी दिए हैं।