शिक्षा विभाग को जल्द ही 2780 शिक्षक मिलेंगे। चयनित सहायक अध्यापक एलटी के 2780 पदों के लिए 22 अप्रैल से काउंसिलिंग शुरू होने जा रही है। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव हरि सिंह के मुताबिक काउंसिलिंग 22 से 25 अप्रैल तक होगी।
प्रदेश में सहायक अध्यापक एलटी के 3089 पदों के लिए अभ्यर्थी पिछले दो साल से शिक्षक बनने का सपना संजोए हुए हैं। 24 अप्रैल 2014 को विभाग की ओर से इसके लिए विज्ञप्ति जारी की गई थी। प्राविधिक शिक्षा परिषद की ओर से एक वर्ष बाद 29 मार्च 2015 को विभिन्न केंद्रों में इसके लिए परीक्षा कराई गई।
कोर्ट के आदेश के बावजूद नियुक्ति नहीं
बाद में इस मामले में कोर्ट ने परिषद को 90 फीसदी परीक्षा परिणाम घोषित करने के आदेश दिए थे, लेकिन कोर्ट के आदेश के बावजूद अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई थी। प्राविधिक शिक्षा परिषद के सचिव हरि सिंह ने कहा कि 22 से 25 अप्रैल तक काउंसिलिंग की प्रक्रिया पूरी कर शिक्षा विभाग को चयनित अभ्यर्थियों की फाइल सूची जारी कर दी जाएगी। बता दे कि राज्यपाल डा.केके पाल ने इस मामले में परिषद को जल्द काउंसिलिंग करने के निर्देश दिए थे।
आंदोलन स्थगित, जताएंगे आभार
एलटी रिजल्ट संघर्ष समिति के अध्यक्ष देवेंद्र बिष्ट ने कहा कि काउंसिलिंग 22 अप्रैल से शुरू होने के विभाग के निर्देश के बाद समिति ने मंगलवार से प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित कर दिया। परिषद मंगलवार को आंदोलन न कर अब बैठक कर राज्यपाल व शिक्षा सचिव का आभार जताएगा।