दिल्ली विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले दिल्ली सरकार के भारती कॉलेज में शिक्षक नियुक्ति विवाद मंगलवार को केजरीवाल तक पहुंच गया। दिल्ली विश्वविद्यालय शिक्षक संगठन (डूटा) ने दो विषयों के शिक्षकों का चयन होने के बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं देने पर केजरीवाल के आवास पर विरोध प्रदर्शन किया।
डूटा ने केजरीवाल से इस पूरे मामले की छानबीन कराकर उचित कार्रवाई करने की मांग की है। डूटा के मुताबिक, बीते दिनों भारती कॉलेज में तीन विषयों इतिहास, राजनीति शास्त्र और कॉमर्स के शिक्षकों का चयन हुआ था।
यह चयन पूरी प्रक्रिया के साथ हुआ है। कॉलेज की गवर्निंग बॉडी ने राजनीति शास्त्र के शिक्षक का नियुक्ति पत्र तो दे दिया, लेकिन अभी तक इतिहास और कॉमर्स विषय के शिक्षकों को नियुक्ति पत्र नहीं दिया है। जबकि तीनों ही शिक्षकों का चयन एक ही कमेटी ने किया है।
डूटा का आरोप है कि राजनीतिक दबाव के कारण ऐसा हो रहा है। यह डीयू एक्ट के खिलाफ है। ऐसा करके डीयू के दूसरे कॉलेज में एडहॉक पर पढ़ा रहे शिक्षकों को गलत संदेश भी दिया जा रहा है।
डूटा ने केजरीवाल के घर के सामने प्रदर्शन कर दोनों विषयों के शिक्षकों को जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करवाने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।