समर जोन की बारहवीं की परीक्षाओं में एक बार फिर बेटियों ने परचम लहराया है। वे मेरिट के साथ पास प्रतिशत में भी आगे रहीं। जम्मू-कश्मीर स्टेट बोर्ड आफ स्कूल एजूकेशन की ओर से घोषित परीक्षा परिणामों के साइंस, कामर्स, आर्ट्स और होम साइंस विषयों की मेरिट सूची के टाप टेन में 100 विद्यार्थियों ने स्थान हासिल किया।
इसमें 64 पर लड़कियों और 36 पर लड़कों ने कब्जा जमाया। परीक्षा परिणामों में कुल 42234 विद्यार्थियों में से 20849 (49 फीसदी) उत्तीर्ण हुए हैं। पिछले साल भी 49 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए थे। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत पिछले साल के मुकाबले लड़कों से एक फीसदी अधिक रहा।
आर्ट्स, कामर्स और साइंस विषय की परीक्षाओं में कुल 19609 छात्राएं बैठीं, जिसमें 54 फीसदी के साथ 10529 छात्राएं सफल हुईं। छात्रों में कुल 22625 में से 46 फीसदी के साथ 10320 उत्तीर्ण हुए।