जेबीटी टेट उत्तीर्ण शिक्षकों की नियुक्ति की शिक्षा विभाग की शर्त पूरा न करने पर 41 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द हो गई है।
हिमाचल के निजी स्कूलों में जेबीटी टेट उत्तीर्ण शिक्षकों की नियुक्ति की शिक्षा विभाग की शर्त पूरा न करने पर जिला में 41 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द हो गई है। इनमें से सात निजी स्कूलों ने जेबीटी टेट की शर्त को पूरा करने में असमर्थता जाहिर कर स्कूलों को बंद करने की सूचना दे दी है।
इसके अलावा 34 स्कूलों ने नवीनीकरण के लिए आवेदन ही नहीं किया है। शिक्षा विभाग ने 26 मार्च को पत्र जारी कर जिला के सभी निजी स्कूलों से शिक्षकों की योग्यता की रिपोर्ट भेजने व नवीनीकरण के निर्देश जारी किए थे। अधिकतर स्कूलों ने यह रिपोर्ट विभाग को नहीं सौंपी।
इस पर विभाग ने एक बार फिर 11 अप्रैल को स्कूलों को निर्देश जारी कर 20 अप्रैल से पहले रिपोर्ट उपनिदेशक कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश जारी किए। जिला में वर्तमान में 350 स्कूल है। शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक सत्र 2016-17 के लिए नवीनीकरण करने के लिए शिक्षकों की योग्यता की रिपोर्ट स्कूलों से तलब की थी।
विभाग ने निर्देश जारी कर स्कूलों को स्पष्ट रूप से शिक्षकों की योग्यता का ब्योरा नहीं मिलने पर नवीनीकरण को रद्द करने की चेतावनी जारी कर दी थी। इस पर जिला के 300 से अधिक स्कूलों ने दूसरी चेतावनी पर उपनिदेशक कार्यालय में शिक्षकों की शैक्षणिक योग्यता की रिपोर्ट जमा करवा दी। इससे इन स्कूलों की रिपोर्ट की जांच 20 अप्रैल से शुरू हो गई।