नियमों की अनदेखी करने पर ऑल इंडिया कांउसिंल फॉर टेक्निकल एजूकेशन (एआईसीटीई) ने नॉलेज पार्क के आईईसी कॉलेज पर कार्रवाई करते हुए सीटों में कटौती कर दी है।
इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट समेत अन्य सभी कोर्सों की कुल 2514 सीटों में से 1275 सीटें घटा दी गई है। इस साल 1239 सीटों पर ही दाखिले होंगे। नियम के मुताबिक बुनियादी सुविधाएं न देने वाले अन्य कॉलेजों पर भी एआईसीटीई कार्रवाई कर सकती है।
जबकि इस मामले में कॉलेज के डॉयरेक्टर डॉक्टर डीबी सिंह का कहना है कि कॉलेज प्रशासन ने ही सीट घटाने के लिए एआईसीटीई से मांग की थी।
दरअसल, करीब छह माह पूर्व फाइट अगेंस्ट करप्शन इन एजूकेशन (फेस) संस्था ने कॉलेज के खिलाफ मानकों की अनदेखी करने की शिकायत एआईसीटीई से की थी।
संस्था ने फेकल्टी की कमी के साथ साथ छात्रों के मुताबिक लैब और क्लासरूम की कमी होने के अलावा अन्य कई बिंदुओं पर शिकायत दी थी। जिसकी जांच के लिए एआईसीटीई ने टीम गठित कर कई बार जांच पड़ताल की थी।
जिसमें तमाम खामियां देखने को मिली थी। इस पर कॉलेज की बीटेक की कुल 1560 सीटों में 660 सीटें घटाई गई है। इसी प्रकार से एमटेक, एमफार्मा, एमबीए, एमसीए, बीफार्मा, पीजीडीएम और होटल मैनेजमेंट के कोर्सों में सीटों की कटौती की गई है।
अन्य कॉलेजों पर हो सकती है कार्रवाई
फेस संस्था के अध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि नॉलेज पार्क के ज्यादातर कॉलेजों में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके चलते छात्रों को सही शिक्षा नही मिल पाती है।
इसका खामियाजा छात्रों को बेरोजगार रहकर भुगतना पड़ता है, उन्होंने बताया कि अन्य कॉलेजों के खिलाफ एआईसीटीई को शिकायत दी गई है। उन पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।