हमीरपुर में परीक्षा देकर परीक्षा केंद्र से बाहर आते अभ्यर्थी।
- फोटो : अमर उजाला
हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड ने रविवार को सांख्यिकी सहायक और जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर की लिखित परीक्षा ली। प्रदेश भर से करीब 1400 युवाओं ने लिखित परीक्षा में भाग लिया। लिखित परीक्षा के लिए मात्र हमीरपुर में ही दो परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाल हमीरपुर और हिमाचल प्रदेश अधीनस्थ सेवाएं चयन बोर्ड के कार्यालय में युवाओं की लिखित परीक्षा हुई। दूरदराज जिलों से सैकड़ों युवक शाम को ही हमीरपुर पहुंच गए थे। युवाओं ने धर्मशालाओं तथा अन्य जगहों पर रात बिताई, जिससे समय रहते परीक्षा केंद्र में पहुंचकर परीक्षा दे सकें।
सांख्यिकी सहायक की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे तथा जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर की परीक्षा शाम दो से चार बजे तक हुई। 650 युवाओं ने सांख्यकी की लिखित परीक्षा में भाग लिया, जबकि 750 युवाओं ने जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर की लिखित परीक्षा दी।
परीक्षा केंद्रों में परीक्षा से संबंधित पुख्ता प्रबंध किए गए थे। एचपीएसएसबी के अंडर सेकरेट्री उत्तम पटियाल ने बताया कि रविवार को सांख्यिकी सहायक और जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर की लिखित परीक्षा हुई। परीक्षा बाल स्कूल हमीरपुर और एचपीएसएसबी कार्यालय हमीरपुर में हुई।