हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 1 जनवरी 2017 से हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं की परीक्षाएं नए संशोधित पाठ्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएंगी। यह जानकारी हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष केएस तोमर ने वीरवार को यहां परिधि गृह में मीडिया कर्मियों के साथ एक अनौपचारिक बातचीत में दी।
उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाएं की मुख्य परीक्षा के नए प्रारूप को संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा की परीक्षा के समरूप स्वीकृति एवं विभिन्न प्रश्नपत्रों के पाठ्यक्रम का पुनर्नियोजन किया गया है जिसका प्रारूप आयोग की वेबसाइट पर बुद्धिजीवी वर्ग और प्रशासनिक सेवाओं में भाग लेने वाले युवाओं के अवलोकन और सुझाव के लिए उपलब्ध है, जिसे अप्रैल माह में आयोग की बैठक के बाद प्रदेश सरकार को अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक सेवाओं के नए प्रारूप में एक ही वैकल्पिक विषय का प्रावधान किया गया है जिसके कुल 300 अंक निर्धारित किए गए हैं। एक अन्य पुराने वैकल्पिक विषय के स्थान पर दो सामान्य ज्ञान के प्रश्नपत्रों का प्रावधान किया गया है। इसका प्रत्येक प्रश्नपत्र 150 अंकों का होगा।
केएस तोमर ने कहा कि आयोग की ओर से विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं की सुविधा के लिए अनेक सुधार किए गए हैं जिसमें साक्षात्कार के दौरान हिंदी अथवा अंग्रेजी भाषा में वार्तालाप करने का विकल्प रखा गया है ताकि विशेषकर ग्रामीण परिवेश के युवा साक्षात्कार में नि:संकोच होकर भाग ले सकें।
उन्होंने कहा कि आयोग के कार्यालय में टोल फ्री नंबर-1800-180-8004 स्थापित किया गया है, जिसमें सूचना प्रौद्योगिकी में दक्ष दो कर्मचारियों को तैनात किया गया है। ग्रामीण परिवेश के युवा अक्सर ऑनलाइन फार्म भरने की प्रक्रिया में त्रुटियां कर देते हैं, जिस कारण उनके फार्म रिजेक्ट हो जाते हैं।
अब युवा अपने फार्म भरने के दौरान टॉल फ्री नंबर पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। आयोग की ओर से युवाओं के लिए ऑनलाइन पेमेंट की सुविधा भी प्रदान की गई है, जिसके लिए आयोग ने पीएनबी से एमओयू साइन किया है, ताकि युवाओं को बैंक ड्राफ्ट के झंझट से छुटकारा मिल सके। उन्होंने कहा कि उनकी ओर से किए गए विभिन्न सुधारों के फलस्वरूप विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले युवाओं को काफी राहत मिली है।