हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय का वित्त वर्ष 2016-17 के लिए तैयार किए 177.5 करोड़ का वार्षिक बजट पारित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय की कार्यकारी परिषद की बुधवार को कुलपति प्रो. एडीएन वाजपेयी की अध्यक्षता में हुई बैठक में 20.63 करोड़ के घाटे के साथ इस बजट को पारित कर अंतिम मंजूरी दे दी गई है।
विवि के इस बजट में इस बार पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले घाटे में करीब पांच करोड़ की कमी प्रस्तावित है। मगर कुल बजट की फिगर इस बार बढ़ी है। बजट डाक्यूमेंट के मुताबिक इस बार एचपीयू की कुल आय 157.13 करोड़ रुपये होने का अनुमान है, जिसमें राज्य सरकार से मिलने वाला अनुदान 90 करोड़ जबकि अपने परीक्षा और अन्य संसाधनों से होने वाली आय का आंकलन 67.13 प्रस्तावित है।
बैठक में ईसी सदस्य हरीश जनारथा और चंद्रशेखर ने विवि में नए छात्रावासों का निर्माण करवाने और छात्रावास की सुविधा प्रदान करने को बजट में प्रस्ताव शामिल करवाया। इन सदस्यों ने एचपीयू से संबद्ध यूजी डिग्री कॉलेजों में लागू सीबीसीएस रूसा कार्यक्रम में पेश आ रही तमाम दिक्कतों को दूर करने की मांग को उठाया।
इस पर वीसी ने सदस्यों को भरोसा दिलाया कि नए सिस्टम से छात्रों को किसी तरह की दिक्कत और नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में दीक्षांत समारोह के परिधान को बदलने के लिए बनी विशेष कमेटी की रिपोर्ट को स्वीकार कर लिया गया। इसके मुताबिक दीक्षांत समारोह में पहने जाने वाले परिधान के रूप में हिमाचली परिधानों को मंजूरी दे दी गई।
बैठक में विवि के प्रति-कुलपति प्रो. राजेन्द्र सिंह चौहान, कुलसचिव डा. पंकज ललित, प्रो. हिम चटर्जी, प्रो. एमएस चौहान, डा. अनुराग शर्मा, प्रो. सतीश भडवाल, डा. कृष्ण वैद्य, वित्त अधिकारी दिवाकर कमल और नव निर्वाचित ईसी सदस्य राजकुमारी शामिल हुई। यह उनकी पहली बैठक थी, जिसमें राजकुमारी ने विवि में रिक्त चल रहे अधिकारियों के पदों को जल्द भरे जाने का मामला उठाया, इसके लिए नियमों में विशेष रियायत देकर पद भरने की मांग उठाई।
नहीं खुल सके शिक्षकों के लिफाफे, बदलेगी ड्रेस
बैठक में एक विभाग के शिक्षक साक्षात्कार के परिणाम को घोषित करने का मामला उठा, जिसमें ट्रिब्यूनल के आदेशों पर एक विभाग के शिक्षक के साक्षात्कार परिणाम घोषित करने का प्रस्ताव आया, मगर लंबी चली चरचा के बाद सदस्यों ने अंतिम फैसला अगली ईसी की बैठक के लिए सर्वसम्मति प्रस्ताव पारित किया। इसके अलावा दीक्षांत समारोह में टॉपर छात्रों द्वारा पहने जाने वाली ड्रेस को भी बदलने का फैसला लिया गया है। अब वेस्ट्रन ड्रेस की जगह छात्र हिमाचली पहनावे में डिग्री लेंगे।
छात्र संगठनों पर प्रतिबंध लगाने पर नहीं हुई चरचा
विश्वविद्यालय कार्यकारी परिषद की बैठक में संभावित छात्र संघ चुनाव पर रोक लगाने के मुद्दे पर कोई चरचा ही नहीं हुई। छात्र संगठनों के विरोध को देखते हुए ईसी सदस्यों सहित प्रशासन ने इस मुद्दे पर शांत रहने का फार्मूला अपनाया, जबकि छात्र संगठन कुलपति के बयान के बाद ऐसा सोच रहे थे इस बैठक में इस पर कोई फैसला लिया जा सकता है।
चरचा न करने और फैसला न लेने के पीछे कुलसचिव से इस मसले पर मांगी कानूनी राय और अन्य पहलुओं पर विचार किया जाना भी बताया जा रहा है। हालांकि कुलपति ने माना कि बैठक में इस मुद्दे पर कोई चरचा नहीं हुई, इस मामले को अगली ईसी की बैठक में रखा जा सकता है।
कर्मचारी आवास मरम्मत को 75 लाख प्रावधान
बजट में विवि कर्मचारी आवासों की मरम्मत को 75 लाख, शिक्षक कॉलौनी मरम्मत को एक करोड़, छात्रावासों की मरम्मत को डेढ़ करोड़, रिजनल सेंटर धर्मशाला में चार दीवारी लगाने को 25 लाख, लाईब्रेरी में नई किताबों, मैग्जिन आदि के लिए 70 लाख, ईआरपी सोल्यूशंस को 2.54 करोड़, आऊटसोर्सिंग ऐजेंसी भुगतान को 50 लाख के अलावा ऊना, घणाहट्टी और मंडी में नए कैंपस विक सित करने की प्रक्रिया को बीस लाख, जबकि अन्य आम कार्यों को 50 लाख का बजट प्रावधान किया गया है। वहीं ईसी ने नए छात्रावास निर्माण और छात्रावास भवन मरम्मत, मल्टी फैकल्टी भवन निर्माण को बजट की मांग को केंद्र और प्रदेश सरकार के समक्ष उठाने पर सहमति बनी है।