महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी की लापरवाही का एक मामला मंगलवार को सामने आया। सेक्टर-9 कॉलेज में बैचलर ऑफ टूरिज्म मैनेजमेंट (बीटीएम) के छात्रों को परीक्षा के दिन भी एडमिट कार्ड और रोल नंबर नहीं दिए गए। परीक्षा सुबह 09.00 बजे से थी और छात्रों को उम्मीद थी कि एडमिट कार्ड मिल जाएंगे, लेकिन परीक्षा के वक्त तक उन्हें एडमिट कार्ड नहीं मिले। ऐसे में परीक्षा में कैसे बैठे? इस पर छात्र चिंतित दिखे।
छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन को यह जानकारी दी तब यूनिवर्सिटी के अधिकारियों से संपर्क कर छात्रों के रोल नंबर मंगवाए गए। इससे परीक्षा करीब एक घंटे की देरी से शुरू हुई। बता दें कि मंगलवार को बीटीएम द्वितीय सेमेस्टर का ट्रेवल एजेंसी एंड टूर ऑपरेशन का पेपर था।
छात्रों के समय से रोल नंबर न मिलने के चलते छात्रों को बहुत परेशानी हुई। प्रिंसिपल सुषमा चौधरी का कहना है कि छात्रों के रोल नंबर जारी करने में यूनिवर्सिटी की ओर से देरी हुई है। यूनिवर्सिटी से एडमिट कार्ड मंगवाकर साढ़े 10 बजे परीक्षा शुरू करवा दी गई थी।