मंगलवार से शुरु हुई हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं के पहले ही दिन परीक्षा केंद्रों पर जमकर नकल हुई। परीक्षा केंद्रों के आस-पास नकलचियों के जमावड़े ने धारा 144 की धज्जी उड़ा दी। इस सब नजारे को पुलिस मूक होकर ताकती नजर आ रही थी। शिक्षा विभाग ने भी पुलिस की भूमिका पर हैराना जताई है।
बता दें कि मंगलवार से हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित कराई जा रही 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहले चरण में सुबह 10वीं का पेपर शुरू हुआ। परीक्षा शुरू होते ही परीक्षा केंद्रों पर नकलचियों का जमावड़ा शुरू हो गया। नकल कराने वाले लोग परीक्षा केंद्रों की दीवारों व छतों को फांदकर परीक्षा केंद्रों के अंदर नकल कराते नजर आ रहे थे।
हालांकि बीच-बीच में परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए बोर्ड के दस्तों ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण भी किया लेकिन उनके जाने के बाद फिर से नकलचियों बोल बोला हो जाता।
इस विषय पर खंड शिक्षा अधिकारी सुगर सिंह ने बताया कि धारा 144 का पुलिस की मौजूदगी में उल्लंघन होना दुर्भाग्यपूर्ण है। पुलिस अगर सख्ती से काम ले तो परीक्षा केंद्रों पर परिंदा भी पर नहीं मार सकता। इसकी शिकायत जिले के आलाधिकारियों से की जाएगी।
तावड़ू में रही सख्ती
तावड़ू। तावड़ू में पहले दिन 10वीं का हिंदी विषय का प्रशभन पत्र आयोजित किया गया। परीक्षा केंद्र के बाहर नकल कराने वालों का जमावड़ा लगा रहा। लेकिन शिक्षा विभाग व पुलिस की सख्ती के चलते नकल कराने वाले सफल नहीं हो सके। खंड शिक्षा अधिकारी अनूप सिंह जाखड़ ने कहा कि सभी आठ केंद्राें पर परीक्षा शांतिपूर्ण रही। किसी भी केंद्र पर कोई परीक्षार्थी उन्हें नकल करते नहीं पाया गया है।