चंडीगढ़। सेक्टर-11 स्थित पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कालेज को आगामी सत्र से कोएड हो जाएगा। अब कालेज के सभी संकायों में लड़कों के साथ लड़कियों को भी दाखिला मिल सकेगा। यूटी प्रशासन के इस फैसले से अब ट्राइसिटी की छात्राएं जीसी-11 में भी दाखिला ले सकेंगी। प्रशासक के सलाहकार विजय कुमार देव की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जीसी-11 को कोएड करने पर शिक्षा सचिव सर्वजीत सिंह ने भी मुहर लगा दी है। इस संबंध में बुधवार को कालेज के पास चिट्ठी भी पहुंच गई है।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने ही सबसे पहले 26 नवंबर 2015 के अंक में अगले सत्र से जीसी-11 होगा कोएड ...शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। यूटी प्रशासन के फैसले से अब कालेज में बीए की 700 और बीकॉम की 140 सीटों पर भी मेरिट के आधार पर छात्राओं को दाखिले का मौका मिल सकेगा।
कोएड होने से कालेज में दाखिले के लिए कट ऑफ भी 5 से 10 फीसदी तक बढ़ जाएगी। बीकॉम में अभी तक सिर्फ इसी कालेज में लड़कों के लिए 140 सीटें रिजर्व होती थीं, लेकिन अब छात्राओं को भी मौका मिल सकेगा। कालेज ने 200 छात्राओं के लिए कैंपस में ही हॉस्टल भी शुरू कर दिया है। नया हॉस्टल तैयार करने के लिए यूटी प्रशासन को प्रपोजल भेजा जा चुका है।
कालेज में नए कोर्स शुरू करने की तैयारी
शहर के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित जीसी-11 कालेज को कोएड करने के साथ ही अगले सत्र से कई नए कोर्स भी शुरू करने की तैयारी है। जानकारी अनुसार यूटी प्रशासन द्वारा एमकॉम शुरू करने को मंजूरी मिल चुकी है। ग्रेजुएट स्तर पर बीए फाइन आर्ट्स, म्यूजिक इंस्ट्रूमेंटल एंड डांस भी शुरू करने की तैयारी है। नए सत्र से कालेज में पीजी डिप्लोमा इन मास कम्यूनिकेशन(पत्रकारिता) शुरू करने की भी योजना तैयार की जा रही है। यह कोर्स अभी तक सिर्फ एक गवर्नमेंट कालेज सेक्टर-42 जीसीजी में पढ़ाया जाता है।
डॉ.बीपी यादव,डीन जीसी-11 ने बताया कि स्पोर्ट्स मीट के मौके पर एडवाइजर विजय देव के सामने कालेज को कोएड करने का प्रस्ताव रखा था। जिसपर उन्होंने तुरंत डीएचई को कार्रवाई के आदेश दे दिए थे। कालेज के सभी संकाय कोएड होने संबंधी आदेश मिल गए हैं।
प्रो.जेके सहगल, प्रिंसिपल जीसी-11 ने बताया कि यूटी प्रशासन ने कालेज कोएड करने को मंजूरी दे दी है। अगले सत्र से सभी कोर्स में छात्राओं को भी दाखिला दिया जाएगा। अच्छे अंक वाले विद्यार्थियों को ही अब दाखिला मिल सकेगा। छात्राओं को इस फैसले से काफी लाभ मिलेगा।
रूबिंदरजीत सिंह बराड़, डायरेक्टर हायर एजुकेशन यूटी ने बताया कि जीसी-11 को कोएड करने संबंधी आदेश जारी कर दिए हैं। जुलाई से सभी कक्षाओं में छात्राऐं भी दाखिला सकेंगी।