अगर आप अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान(एम्स) में दाखिले के लिए होने वाली एमबीबीएस प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो अभी से सामान्य ज्ञान की भी तैयारी शुरू कर दीजिए। 200 अकों की इस प्रवेश परीक्षा में 20 अंकों का सामान्य ज्ञान भी पूछा जाता है। यह सवाल काफी स्कोरिंग साबित हो सकते हैं।
एम्स की मेडिकल प्रवेश परीक्षा की आवेदन प्रक्रिया इन दिनों चल रही है। यह प्रवेश परीक्षा 29 मई को आयोजित होगी। परीक्षा में फिजिक्स, कैमिस्ट्री और बायोलॉजी के साथ ही सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे जाते हैं। अविरल क्लासेज के निदेशक एवं परीक्षा विशेषज्ञ डीके मिश्रा ने बताया कि एम्स की प्रवेश परीक्षा में कुल 200 में से 20 अंकों का जीके आता है।
इसमें इतिहास में आधुनिक भारत से जुड़े सवाल पूछे जाते हैं। भूगोल में जलवायु और इकोनोमिक्स में सामयिक सवाल पूछे जाते हैं। गत वर्ष हुई मुख्य घटनाओं से जुड़े सवालों को छात्रों को तैयार करने की जरूरत है। खासतौर से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम, राष्ट्रीय घटनाक्रम, खेल, पुरस्कार, सम्मेलन, महत्वपूर्ण व्यक्तियों की भारत यात्रा, चर्चित साहित्य और उनके लेखक, अंतरराष्ट्रीय समझौते, महत्वपूर्ण दुर्घटनाएं, योजनाएं और प्रसिद्ध व्यक्तियों की मृत्यु से लेकर सामान्य घटनाक्रम के सवाल पूछे जाएंगे।
एआईपीएमटी की तुलना में अलग है पैटर्न
एम्स की प्रवेश परीक्षा की एआईपीएमटी से तुलना करें तो कई बातें इसे जुदा बनाती हैं। एआईपीएमटी में कुल 180 सवाल पूछे जाते हैं, जिसमें 45 सवाल फिजिक्स के, 45 सवाल कैमिस्ट्री के और 90 सवाल बायोलॉजी के होते हैं। दूसरी ओर, एम्स में कुल 200 सवाल पूछे जाते हैं। इसमें 60 सवाल फिजिक्स के, 60 सवाल कैमिस्ट्री के, 60 बायोलॉजी के और 20 सवाल सामान्य ज्ञान के होते हैं।