शहर में रविवार को ज्वाइंट एंट्रेंस एग्जाम (जेईई) मेन आयोजित किया गया। इंजीनियरिंग में दाखिला पाने के लिए पांच हजार उम्मीदवारों ने परीक्षा दी। पेपर की टाइमिंग सुबह 9:30 से 12:30 तक थी। इस दौरान शहर में कई जगह जाम की स्थिति बनी रही।
सीबीएसई की तरफ से प्रति वर्ष दो बार जेइई मेन का आयोजन किया जाता है, जिसमें एक बार ऑनलाइन और दूसरी बार ऑफलाइन होता है। दो साल से शहर में मात्र ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन ही होता था, लेकिन इस बार ऑफलाइन परीक्षा का आयोजन हुआ। इसके बाद सीबीएसई दूसरी बार ऑनलाइन परीक्षा 9 और 10 अप्रैल को आयोजित कराने जा रही है, जिसके लिए अलग से सेंटर बनाए गए हैं।
फिजिक्स और केमिस्ट्री ने छुड़ाए पसीने
इस बार फिजिक्स और केमिस्ट्री का पेपर लेंथी था, जबकि मैथ के पेपर ने उम्मीदवारों को राहत दी। शिशु निकेतन में परीक्षा देने आए देवेंद्र शर्मा ने बताया कि केमिस्ट्री और फिजिक्स के पेपर में पूछे गए फार्मूले घुमावदार थे। उन्हें समझने में परेशानी हुई। वहीं मैथ का पेपर आसान था।