एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध इंजीनियरिंग और प्रबंधन कॉलेजों में वार्षिक परीक्षाएं 11 मार्च से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय ने परीक्षा की प्रस्तावित तिथि पर कॉलेजों से अनापत्तियां मांगी हैं। अनापत्तियों को दूर करने के बाद 15 फरवरी को परीक्षा कार्यक्रम जारी कर दिया जाएगा।
एकेटीयू की ओर से अपने अकादमिक कैलेंडर के अनुसार 11 मार्च से परीक्षाएं करवाने की घोषणा की गई है। वार्षिक परीक्षाओं के लिए प्रस्तावित तिथि पर कॉलेजों से अनापत्तियां मांगी गई हैं। जल्द ही परीक्षा कार्यक्रम विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
छात्र विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर परीक्षा कार्यक्रम डाउनलोड कर सकेंगे। प्रस्तावित परीक्षा कार्यक्रम में कॉलेजों में अगर कोई परीक्षा या अवकाश पड़ रहा हो तो कॉलेजों से इसकी सूचना aktuexamination@gmail.com पर ईमेल के जरिए से दे सकते हैं।
सभी कोर्स की उत्तर पुस्तिकाओं के लिए डिजिटल मूल्यांकन किया जाएगा। बीते वर्ष विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुछ कोर्स की उत्तर पुस्तिकाओं का डिजिटल मूल्यांकन पायलेट प्रोजेक्ट के तौर पर कराया था। छात्रों को निर्धारित समय पर ही परीक्षा परिणाम प्राप्त होगा। वार्षिक परीक्षाओं की सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी।