राज्य के विभिन्न स्कूलों में पढने वाले विद्यार्थियों को अब किताबों के लिए परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने ई-बुक्स तैयार की हैं। जिन्हें विद्यार्थी कंप्यूटर या मोबाइल पर एक क्लिक कर आसानी से पढ़ सकेंगे।
बोर्ड की तरफ से इस संबंध में स्कूलों व जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं। साथ ही बोर्ड की वेबसाइट पर इस संबंधी जानकारी अपलोड कर दी है। जानकारी के मुताबिक हर साल राज्य के स्कूलों में किताबों को लेकर समस्या आती थी। जिससे बार-बार बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होती थी।
इसी बात को ध्यान में रखकर बोर्ड ने ई-बुक्स तैयार की हैं। ये ई-बुक्स पहली से लेकर 12वीं कक्षा तक की तैयार की गई है। बोर्ड की तरफ से किताबों का ट्रायल भी वेबसाइट पर किया जा चुका है। बोर्ड मैनेजमेंट का दावा है कि इसके बाद देश ही नहीं, विदेशों में रहने वाले छात्रों को भी फायदा होगा। बोर्ड द्वारा यह सारी कार्रवाई सीबीएसई व आईसीएसई बोर्ड को टक्कर देने के लिए की गई है।
हर साल किताबें रिवाइज करता है बोर्ड
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड विद्यार्थियों को अपडेट करने के लिए हर साल किताबें रिवाइज करता है। बोर्ड ने इसके लिए स्पेशल कमेटी गठित की हुई है। कमेटी में विभिन्न यूनिवर्सिटीज के वाइस चांसलर से लेकर कई शिक्षा माहिर शामिल हैं। जो कि हर साल किताबों को अपडेट करने में सहयोग करते हैं। किताबों को रिवाइज करने के लिए समय समय पर वर्कशॉप आयोजित की जाती है।
वेबसाइट पर मिलेंगी किताबें
ई-बुक्स हासिल करने के लिए विद्यार्थियों को बोर्ड की वेबसाइट पर लॉगिन करना होगा। इसके बाद वेबसाइट का होम पेज खुलेगा। जहां पर ई-बुक्स का एक कॉलम बना है। उस पर एक क्लिक करना होगा। इसके बाद किताबें खुलना शुरू हो जाएगी।