दसवीं और बारहवीं कक्षा में पहली पोजिशन हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए राज्य स्कूली शिक्षा बोर्ड का होने वाला कार्यक्रम करीब ढाई महीने से अधर में लटक है।
पहली बार बोर्ड ने 2011 से 2014 के टॉपर रहे विद्यार्थियों को सम्मानित करना था। बोर्ड के अधिकारियों का कहना है कि बोर्ड परीक्षाओं के बाद इसको लेकर बैठक करके नया कार्यक्रम तैयार किया जाएगा।
पूर्व राज्य सरकार के कार्यकाल के दौरान जनवरी 2016 में बोर्ड ने 2011 से 2014 तक के सत्र में टॉपर रहे दसवीं और 12वीं के विद्यार्थियों सम्मानित करने के कार्यक्रम का एलान किया था।
यह कार्यक्रम 16 जनवरी को जम्मू विश्वविद्यालय के जनरल जोरावर सिंह आडिटोरियम में होना था। तीनों संभाग के टॉपर विद्यार्थियों की सूची भी जारी कर दी थी, लेकिन कार्यक्रम आयोजित होने से पूर्व मुख्यमंत्री के निधन से कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया। अब ढाई महीने बीतने के बाद भी यह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सका है।
बोर्ड सचिव वीना पंडिता ने कहा कि दसवीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में व्यस्त होने के कारण मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा सका है। दसवीं की परीक्षाएं खत्म होते ही बैठक करके इस कार्यक्रम की नई रूपरेखा तैयार की जाएगी।