केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 12वीं के कंप्यूटर साइंस व इंफोर्मेटिक्स प्रैक्टिस विषय की परीक्षा ने छात्रों को राहत प्रदान की है। शनिवार को हुई इन दोनों विषयों के प्रश्नपत्र को छात्रों के साथ-साथ शिक्षकों ने भी संतुलित व अच्छे अंक लाने वाला बताया है
कई विषयों की परीक्षा में कठिन प्रश्नपत्र आने के बाद इस परीक्षा के आसान प्रश्नपत्र ने छात्रों के चेहरों को खिला दिया। छात्रों ने प्रश्नपत्र को बीते साल के मुकाबले में भी आसान बताया है।
माउंट अबू स्कूल में कंप्यूटर साइंस की शिक्षिका (पीजीटी) पूनम चोपड़ा के मुताबिक कंप्यूटर साइंस में ज्यादातर प्रश्न पाठ्यक्रम से ही पूछे गए थे जिस कारण छात्रों को कोई परेशानी नहीं हुई। प्रश्नपत्र का स्तर बीते साल जैसा ही था। पेपर को हल करने के बाद छात्र काफी संतुष्ट दिखाई दिए।
कंप्यूटर साइंस के प्रश्नपत्र में एक सवाल में प्रिंटिंग के स्तर की मामूली गलती थी जिसे छात्रों ने स्वयं ही समझ कर हल कर दिया। आसान होने के साथ-साथ कुछ कॉन्सेप्ट पेचीदा थे जिसमें छात्रों को सोचने की जरूरत थी लेकिन छात्रों ने पेपर हल कर दिया।
चोपड़ा के मुताबिक, एक औसत छात्र इस प्रश्नपत्र के आधार पर 90 फीसदी अंक हासिल कर सकता है। इसी तरह इंफोर्मेटिक्स प्रैक्टिस की परीक्षा ने भी छात्रों को परेशान नहीं किया। सभी सवाल पाठ्यक्रम से पूछे गए थे। 70 अंकों की इस परीक्षा का पैटर्न भी बीते साल जैसा ही था।